
रांची। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सदस्य आदित्य साहू ने कहा कि देश में छठे और झारखंड में तीसरे चरण का मतदान शनिवार को संपन्न हो गया। राज्य में तीन चरणों के मतदान के बाद 10 कमल फूल और एक केला ईवीएम में कैद हो गया है। उन्होंने कहा कि इस चरण में चार लोकसभा सीटों के लिए मतदान हुआ। जनता के रुझान से स्पष्ट हो गया है कि इन चारों लोकसभा सीटों से एनडीए प्रत्याशी रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करेंगे।



आदित्य साहू शनिवार को हरमू रोड स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि झारखंड की ठगबंधन सरकार ने जनता को धोखा दिया है। ठगने का काम किया है। साढ़े चार साल के कार्यकाल में ठगबंधन सरकार ने झारखंड को लूटने का काम किया है। विकास का काम अवरुद्ध करने का काम किया है। जनता इनसे त्रस्त हो चुकी है। इस ठगबंधन को जनता ने वोट के माध्यम से नकारने का काम किया है। चुनाव परिणाम आने पर यह स्पष्ट हो जाएगा।
साहू ने कहा कि चिलचिलाती धूप में मतदाता वोट डालने बूथ पर पहुंचे। कई वोटर वोट देने से वंचित रह गए। उनका नाम मतदाता सूची में नहीं था। इस बारे में चुनाव आयोग को चिंता करनी चाहिए। उन्हें ध्यान देना चाहिए कि कोई भी मतदान करने से वंचित नहीं रहे। इसमें सुधार करने की जरूरत है वरना आयोग के प्रति लोगों का विश्वास कम होगा। उन्होंने कहा कि कई सुरक्षा कर्मियों के नाम के आगे वोटर लिस्ट में पोस्टल बैलेट दर्ज था जबकि उन लोगों ने पोस्टल मतदान नहीं किया था। ऐसे मतदाताओं को मतदान से वंचित रहना पड़ा।
साहू ने कहा कि मतदाताओं ने मजबूत और विकसित भारत के लिए वोट दिया है। प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आस्था और विश्वास जताया है। प्रधानमंत्री ने पिछले 10 साल में सभी वर्ग की चिंता की है। प्रत्येक दरवाजे पर विकास करके माध्यम से दस्तक दिया है। देश की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है। दुश्मनों को करारा जवाब दिया है। युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर काम किया है। इससे प्रभावित होकर बड़ी संख्या में युवाओं ने प्रधानमंत्री मोदी को पीएम बनने के लिए वोट किया है।

