
नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र से पहले लोकसभा सचिवालय ने सदन में सांसदों की बैठने की व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। सचिवालय की ओर से जारी नए सर्कुलर के मुताबिक, कुल 97 सांसदों की सीटों का पुनः आवंटन किया गया है। इस फेरबदल में सबसे अहम बदलाव डीएमके सांसदों को लेकर हुआ है। अब पार्टी के सांसद इंडिया ब्लॉक के अन्य दलों से अलग एक समूह में बैठेंगे।



नई व्यवस्था के तहत डीएमके सांसद कनिमोझी करुणानिधि, टी.आर. बालू, ए. राजा और दयानिधि मारन समेत पार्टी के अन्य सदस्यों को एक साथ नई सीटें आवंटित की गई हैं। कनिमोझी को सीट संख्या 357, टी.आर. बालू को 355 और ए. राजा को 356 नंबर की सीट दी गई है। पार्टी के अन्य सांसदों को भी इनके आसपास स्थान दिया गया है।
बताया जा रहा है कि डीएमके की ओर से लोकसभा में अपने सांसदों के लिए अलग बैठने की व्यवस्था की मांग की गई थी। इसके बाद सचिवालय ने सीटों का पुनर्गठन किया। राजनीतिक गलियारों में इस बदलाव को डीएमके और कांग्रेस के बीच बढ़ती दूरी से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि पार्टी सदन में अपनी अलग राजनीतिक पहचान बनाए रखना चाहती है।
सीटों में बदलाव का असर अन्य विपक्षी दलों पर भी पड़ा है। समाजवादी पार्टी के प्रमुख सांसदों अखिलेश यादव, डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव और अफजाल अंसारी समेत कई सदस्यों की सीटें बदली गई हैं। इसके अलावा एनसीपी (शरद पवार गुट) की सुप्रिया सुले, शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) और कांग्रेस के सहयोगी दलों के कुछ सांसदों को भी नई सीटें आवंटित की गई हैं।
लोकसभा सचिवालय के इस फैसले से सदन में विपक्षी दलों की मौजूदा बैठने की व्यवस्था में बदलाव देखने को मिलेगा। खासकर डीएमके सांसदों का इंडिया ब्लॉक के अन्य दलों से अलग बैठना आगामी विशेष सत्र के मद्देनजर राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

