
नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र के पहले दिन 30 नवंबर को केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल लोकसभा में परिसीमन (डिलिमिटेशन) विधेयक, 2026 पेश करेंगे। लोकसभा की ओर से जारी कार्यसूची में इसकी जानकारी दी गई है। केंद्र सरकार इस विधेयक के जरिए लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में बढ़ोतरी करने की तैयारी में है।



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और इससे संबंधित परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 को मंजूरी दी गई थी। मेघवाल 30 नवंबर को लोकसभा में एक प्रस्ताव भी पेश करेंगे, जिसमें सदन के नियम 66 के एक प्रावधान को निलंबित करने की मांग की जाएगी। इससे संविधान संशोधन विधेयक के लंबित रहने के बावजूद उससे जुड़े परिसीमन विधेयक पर विचार और पारित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।
इसी दिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) दूसरा विधेयक, 2026 भी लोकसभा में पेश करेंगे। इसका उद्देश्य दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और पुडुचेरी जैसे निर्वाचित विधानसभा वाले केंद्र शासित प्रदेशों के कानूनों को प्रस्तावित संवैधानिक संशोधनों के अनुरूप बनाना है।
प्रस्तावित संशोधन के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का प्रावधान किया गया है। इसके अनुसार लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 550 से बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है। वहीं, राज्य विधानसभाओं में कुल 650 अतिरिक्त सीटें जोड़ी जा सकती हैं।
सरकार का कहना है कि सीटों में समान अनुपात से वृद्धि का उद्देश्य जनप्रतिनिधित्व को मजबूत करना है। इसके साथ ही राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का मौजूदा अनुपात भी बनाए रखा जाएगा। प्रस्तावित कानून से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता भी आसान होने की उम्मीद है।
परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 में कानून लागू होने के बाद परिसीमन आयोग के गठन का प्रस्ताव है। आयोग देशभर में लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं का नए सिरे से निर्धारण करेगा। साथ ही विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में सीटों के आवंटन की प्रक्रिया भी पूरी करेगा।
गौरतलब है कि सोमवार को पेश होने वाले दोनों विधेयक पहले के उन विधेयकों को औपचारिक रूप से वापस लेने के बाद सदन में लाए जाएंगे, जिन्हें पूर्व में लोकसभा की मंजूरी नहीं मिल सकी थी।

