
रांची। झारखंड स्थापना दिवस पखवारा के समापन तथा राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर शनिवार को खेलगांव के स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में समारोह का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूरे प्रदेश के लिए अलग-अलग विभागों की 9,097 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्धाटन किया। प्रदेश के विभिन्न बोर्ड के टापर विद्यार्थियों को नकद राशि एवं लैपटाप और मोबाइल देकर पुरस्कृत किया। खिलाड़ी भी सम्मानित हुए। ढोल-नगाड़े की थाप के बीच मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में सर्वाधिक खनिज है। यही खनिज दूसरे राज्यों के साथ विदेश तक गया है। हमारे खनिज से दूसरे राज्य आगे बढ़ गए, जबकि हम पीछे रह गए। इसलिए पूर्वजों ने अलग झारखंड के लिए आंदोलन किया था। खनिज पर सेस का हम भीख नहीं मांग रहे हैं, यह हमारा अधिकार है। इसके लिए हम कानूनी और राजनीतिक लड़ाई के लिए भी तैयार हैं। उनका इशारा एमएमडीआर संशोधन की ओर था।मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2050 में झारखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शुमार करने का लक्ष्य है। ऐसा होगा भी। कहा कि राजनीतिक कार्यों से उन्हें दिल्ली समेत दूसरे महानगरों में जाना पड़ता था। देखता था कि धनाढ्य लोगों के घरों में काम करने वाली झारखंड की महिलाएं हैं। उनकी कोशिश है कि झारखंड की किसी महिला को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़े। उनका पलायन रूका भी है। आज प्रदेश की 50 लाख महिलाओं को किसी न किसी तरीके से महीने में 10 हजार रुपये मिल रहे हैं। उन्होंने एक बार फिर कहा कि वर्ष 2,050 तक झारखंड को विकसित एवं अग्रणी राज्यों में खड़ा करने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा, अलग राज्य के लिए संघर्ष करने वाली पीढ़ी के कई क्रांतिकारी अगुआ, मार्गदर्शक अब हमारे बीच नहीं रहे हैं, लेकिन आज का 26वां स्थापना दिवस नई पीढ़ी एवं नौजवानों के लिए संकल्प लेने का दिन है।हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड बनने के बाद 20 वर्षों तक राजनीतिक उतार-चढ़ाव रहा है। अबुआ सरकार बनी तो धीरे धीरे सबके चेहरे पर मुस्कान आई है। सीबीएससी, आइसीएससी, जैक बोर्ड के टॉपर विद्यार्थियों को नकद राशि दी जा रही है। जाति, धर्म और वर्ग का कोई भेदभाव नहीं है। कल्याण विभाग के छात्रावासों में अब भोजन का भी प्रबंध किया गया है। विद्यार्थियों को घर से राशन लाने की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 12वीं के बाद उच्च शिक्षा में प्रवेश के समय आर्थिक कमी से जूझ रहे विद्यार्थियों को सहायता दी जा रही है। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मोबाइल और लैपटाप जैसी आवश्यक सुविधाएं भी सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही है।




