
रांची। देश में परिसीमन बिल को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बीच झारखंड के मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने शनिवार को पार्टी के सभी सांसदों और विधायकों की अहम बैठक बुलाई है। बैठक में परिसीमन और महिला आरक्षण बिल के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी। इसके बाद पार्टी अपना आधिकारिक रुख स्पष्ट कर सकती है। ऐसे में सभी की नजरें हेमंत सोरेन के फैसले पर टिकी हैं।



झारखंड में बढ़ सकती हैं लोकसभा-विधानसभा की सीटें
नए परिसीमन के लागू होने पर झारखंड में लोकसभा की सीटों की संख्या 14 से बढ़कर 21 होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, विधानसभा की मौजूदा 81 सीटों में भी 41 सीटों की बढ़ोतरी का अनुमान है। हालांकि, फिलहाल लोकसभा सीटों में बढ़ोतरी से जुड़े प्रस्ताव को ही केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिलने की बात सामने आई है।
आदिवासी प्रतिनिधित्व बना सबसे बड़ा मुद्दा
झारखंड में परिसीमन को लेकर सबसे बड़ी चिंता अनुसूचित जनजाति (एसटी) के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को सुरक्षित रखने की है। वर्ष 2007 में हुए परिसीमन के दौरान राज्य में एसटी के लिए आरक्षित विधानसभा सीटों की संख्या 28 से घटाकर 22 करने का प्रस्ताव आया था। वहीं, लोकसभा की आरक्षित सीटों को पांच से घटाकर चार करने की चर्चा थी। उस समय इस प्रस्ताव का राज्यभर में विरोध हुआ था। विरोध के बाद केंद्र सरकार को कानून में संशोधन कर झारखंड में परिसीमन लागू करने पर रोक लगानी पड़ी थी।
झारखंड के हितों से समझौता नहीं : हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को नेमरा में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा था कि उनकी नजर परिसीमन बिल पर बनी हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया था कि झारखंड के हितों के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने भी पार्टी की बैठक की पुष्टि की है। बैठक में परिसीमन के संभावित प्रभाव, आदिवासी आरक्षण और महिला आरक्षण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस पहले ही इस बिल का विरोध कर रही है। ऐसे में अब देखना होगा कि हेमंत सोरेन और झामुमो इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाते हैं।

