
नई दिल्ली।केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि बाल विवाह रोकना केवल कानून का पालन करना नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने दिल्ली सरकार की उस पहल की तारीफ की, जिसमें बाल विवाह करने वाले परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं देने की बात कही गई है। उन्होंने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से भी इस पहल को लागू करने की अपील की। इससे वर्ष 2030 तक बाल विवाह खत्म करने के लक्ष्य को पूरा करने में मदद मिलेगी। शुक्रवार को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के दो साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मौजूद रहे। अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि सभी लोगों ने शपथ ली है कि वे अपने घर, पड़ोस और देश के किसी भी हिस्से में बाल विवाह नहीं होने देंगे। अगर कहीं बाल विवाह की जानकारी मिलती है तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी।



उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के सपने को पूरा करने में महिलाओं की बड़ी भूमिका है। आज बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और देश के विकास में योगदान दे रही हैं। महिलाओं को मौका मिलने पर वे अपनी प्रतिभा साबित कर रही हैं। मंत्री ने कहा कि बाल विवाह मुक्त भारत अभियान अब एक जन आंदोलन बन चुका है। दो साल पहले शुरू हुए इस अभियान में देशभर के लोग जुड़ रहे हैं। अब तक सभी राज्यों में 72 हजार से ज्यादा बाल विवाह निषेध अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इस काम में सामाजिक संस्थाएं, पंचायत प्रतिनिधि और शिक्षक भी सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने असम और उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि इन राज्यों में बाल विवाह रोकने के लिए अच्छे प्रयास किए जा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई भी हो रही है।
बेटियों की शिक्षा से रुकेगा बाल विवाह : राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि कम उम्र में शादी होने से बेटियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कम उम्र में गर्भधारण से उनकी सेहत पर भी बुरा असर पड़ता है। इससे उनकी पढ़ाई और आगे बढ़ने के अवसर खत्म हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि बाल विवाह रोकने का सबसे अच्छा तरीका बेटियों को शिक्षित करना है। पढ़ाई से बेटियां आत्मनिर्भर बनती हैं और अपने जीवन के फैसले खुद ले सकती हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी सोच के साथ वर्ष 2015 में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान शुरू किया था। इससे परिवारों और समाज की सोच में बदलाव आया है।

