
गोपालगंज। पूर्व सांसद एवं बिहार सरकार में मंत्री रहे नगीना राय के बहुचर्चित हत्याकांड में जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम संजीव कुमार सिंह की अदालत ने फैसला सुनाया है। अदालत ने मामले में पूर्व विधायक बच्चा चौबे के पुत्र परमात्मा चौबे और ब्रजभूषण चौबे को दोषी करार दिया है। अदालत ने इसी गांव के रहने वाले तीसरे आरोपित सत्येंद्र उपाध्याय को संदेह का लाभ देते हुए बाइज्जत बरी कर दिया गया।



दोषी करार दिए जाने के बाद दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया गया। अब आठ दिसंबर को अदालत में सजा के बिंदु पर सुनवाई होगी। फैसले के बाद दोषी करार दिए गए अभियुक्तों के चेहरों पर मायूसी छा गई। अदालत परिसर में इस बहुचर्चित मामले के फैसले को लेकर लोगों के बीच चर्चा होती रही।
फैसला सुनाते हुए अदालत ने हत्याकांड के 35 वर्षों तक लंबित रहने पर नाराजगी भी जताई। इतने लंबे समय बाद आए फैसले ने एक बार फिर इस हत्याकांड को चर्चा में ला दिया है। दोषी करार दिए गए दोनों अभियुक्तों के चेहरे पर मायूसी के भाव दिखाई दिए। उन्हें अब उम्र के इस पड़ाव पर पुराने मामले में सजा का सामना करना पड़ सकता है। बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता अनिल कुमार दुबे ने पैरवी की। वहीं, अभियोजन पक्ष की ओर से एपीपी धर्मदेव सिंह और अधिवक्ता वेद प्रकाश तिवारी ने अदालत के समक्ष साक्ष्य और दलीलें प्रस्तुत कीं।
कुचायकोट थाना में दर्ज कांड संख्या 40/1991 के अनुसार, गोपालपुर गांव निवासी पूर्व सांसद एवं मंत्री नगीना राय 10 अप्रैल 1991 को पटना से गोपालगंज लौट रहे थे। वह गोपालगंज को-आॅपरेटिव बैंक में कुछ लोगों से मुलाकात करने के बाद घर के लिए निकले थे। शाम करीब छह बजे उनकी जीप कुचायकोट थाना क्षेत्र के भोपतिपुर गांव पहुंची। इसी दौरान सड़क पर गन्ना लदी बैलगाड़ी के कारण जीप रुक गई। तभी वहां पहले से मौजूद सात से आठ लोगों ने नगीना राय पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस गोलीबारी में नगीना राय की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।

