
रांची। राज्य में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के तहत नोटिस-सुनवाई में फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मिल रहे हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने इसे लेकर एसआइआर कार्य में लगे अधिकारियों को सतर्क किया है। उन्होंने ऐसे मामले में कानूनी कार्रवाई के भी निर्देश दिए हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सोमवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग से हुई समीक्षा में जिला निर्वाचन पदाधिकारियों, उप निर्वाचन पदाधिकारियों, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों से कहा कि गढ़वा, रांची एवं पलामू में भी सुपर चेकिंग के दौरान कई मामलों में फर्जी जन्म प्रमाणपत्र संलग्न किए जाने की जानकारी मिली है।वहीं, 22 नवंबर को पाकुड़ में किए गए सुपर चेकिंग में भी फर्जी जन्म प्रमाणपत्र पाया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों की गंभीरता से जांच करते हुए आवेदकों की पात्रता का सत्यापन किया जाए। फर्जी जन्म प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने वाले तथा ऐसे दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहयोग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।उन्होंने कहा कि राज्य के सभी जिलों में एसआइआर कार्यों की सुपर चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में उनके द्वारा 21 एवं 22 नवंबर को संताल परगना प्रमंडल के जरमुंडी, पाकुड़ एवं राजमहल विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों का भौतिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कई अभिलेखों एवं प्रक्रियाओं में गंभीर कमियां सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से ऐसे मामलों की गहन जांच की जाए, जिनमें आवेदक के माता-पिता जीवित हैं, लेकिन उनके विवरण उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। ऐसे मामलों में संबंधित पदाधिकारी आवेदक से आवश्यक जानकारी प्राप्त करते हुए नियमानुसार सत्यापन एवं कार्रवाई सुनिश्चित करें। वर्चुअल बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार आदि भी सम्मिलित थे।




