
रांची। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को दरभंगा हाउस में आयोजित कार्यक्रम में ‘फैटी लिवर फ्री रांची अभियान’ का शुभारंभ किया। उन्होंने इसे जनस्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ को बधाई दी। साथ ही केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बाइलियरी साइंसेज (आईएलबीएस) के निदेशक डॉ. शिव कुमार सरीन के प्रति आभार जताया। अभियान को सीएसआर के तहत सहयोग देने के लिए कोल इंडिया लिमिटेड की भी सराहना की।



राज्यपाल ने कहा कि बदलती जीवनशैली के कारण फैटी लिवर की समस्या तेजी से गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बन रही है। इस बीमारी के शुरुआती चरण में अक्सर स्पष्ट लक्षण सामने नहीं आते हैं, इसलिए समय पर जांच और चिकित्सकीय परामर्श बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से खानपान में सुधार करने, नियमित व्यायाम करने और वजन नियंत्रित रखने की अपील की।
राज्यपाल ने कहा कि मोबाइल मेडिकल वैन के माध्यम से लोगों को शुरुआती जांच और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना अभियान की महत्वपूर्ण विशेषता है। स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ समाज और विकसित राष्ट्र का आधार हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सेहत के प्रति जागरूक और सजग रहना चाहिए।

