
जमशेदपुर। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का रविवार देर रात निधन हो गया। वह 93 वर्ष की थीं। उन्होंने जमशेदपुर स्थित टाटा मोटर्स अस्पताल में इलाज के दौरान रात 1 बजकर 40 मिनट पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार में शोक की लहर है। वहीं, जमशेदपुर सहित पूरे कोल्हान क्षेत्र में शोक का माहौल है।



जानकारी के अनुसार, सायरा मुंडा पिछले कई दिनों से बीमार चल रही थीं। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। मां के निधन की जानकारी अर्जुन मुंडा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक संदेश साझा कर दी।
अर्जुन मुंडा ने अपनी मां को याद करते हुए लिखा, “मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं… तुम्हारे जाने से सिर से सिर्फ ममता का साया ही नहीं उठा, बल्कि जिंदगी का वो सबसे मजबूत सहारा भी छिन गया, जिसके रहते हर मुश्किल छोटी और हर दर्द हल्का लगने लगता था।”
वहीं, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी सायरा मुंडा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। अर्जुन मुंडा के समर्थकों, शुभचिंतकों और विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र के लोगों ने शोक संवेदना प्रकट की है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सायरा मुंडा का अंतिम संस्कार सोमवार को किया जाएगा। उनकी अंतिम यात्रा दोपहर एक बजे जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित आवास से निकलेगी। इसके बाद पार्थिव शरीर को स्वर्णरेखा बर्निंग घाट ले जाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सायरा मुंडा के निधन से अर्जुन मुंडा और उनके परिवार को गहरा दुख पहुंचा है। उनके समर्थक एवं शुभचिंतक दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना कर रहे हैं।
