
पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली जिले में गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन किया। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस पुल को प्रधानमंत्री ने रिबन काटकर राष्ट्र को समर्पित किया। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।



उद्घाटन समारोह के दौरान पुल के नीचे बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए जुटे थे। प्रधानमंत्री मोदी ने भी हाथ में गमछा लेकर उसे लहराया और वहां मौजूद लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टे पुल गंगा नदी पर निर्मित एक महत्वपूर्ण सड़क परियोजना है। इसकी कुल लंबाई 19.7 किलोमीटर है, जिसमें 9.7 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और 10 किलोमीटर की संपर्क सड़कें शामिल हैं। यह पुल पटना जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-22 स्थित कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-322 स्थित बिदुपुर से जोड़ता है।
महात्मा गांधी और जेपी सेतु पर घटेगा यातायात का दबाव
नीतीश सेतु के चालू होने से गंगा नदी पर आवागमन के लिए एक नया वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा। इससे महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव कम होने की उम्मीद है। साथ ही उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच यात्रा का समय भी घटेगा। इस पुल से खासतौर पर राघोपुर दियारा के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें पटना पहुंचने में आसानी होगी और स्वास्थ्य, शिक्षा समेत अन्य आवश्यक सुविधाओं तक उनकी पहुंच बेहतर होगी।
कृषि और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा
इस परियोजना से कृषि उत्पादों और औद्योगिक वस्तुओं के परिवहन को भी गति मिलने की उम्मीद है। बेहतर सड़क संपर्क से किसानों और व्यापारियों को अपने उत्पाद बाजारों तक पहुंचाने में सहूलियत होगी। इसके साथ ही क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। माना जा रहा है कि यह पुल बिहार के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ राज्य की आर्थिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना हवाई अड्डे पहुंचे, जहां जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री वैशाली के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने बहुप्रतीक्षित नीतीश सेतु का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया।

