
रांची: रिम्स जमीन घोटाले की जांच में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने मामले में गिरफ्तार सात अधिकारियों के आवास और अन्य ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। सुबह से ही अधिकारियों की टीम रांची के विभिन्न इलाकों में पहुंचकर जमीन से जुड़े दस्तावेजों, सरकारी फाइलों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड की जांच कर रही है।



एसीबी की यह कार्रवाई रिम्स के विस्तार और अन्य जरूरतों के लिए अधिग्रहित 9.65 एकड़ जमीन की कथित अवैध खरीद-बिक्री तथा सरकारी दस्तावेजों में हेरफेर के मामले में की जा रही है। जांच एजेंसी अधिकारियों की भूमिका और राजस्व रिकॉर्ड में किए गए कथित बदलावों से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी है।
एसीबी के अनुसार, रांची के बरियातू, कांके, कोकर, अरगोड़ा और मोरहाबादी स्थित वृंदावन अपार्टमेंट में छापेमारी की जा रही है। इन ठिकानों का संबंध मामले में गिरफ्तार अधिकारियों से है। इसके अलावा गिरफ्तार तत्कालीन अंचल अधिकारी शैलेश कुमार के गिरिडीह स्थित आवास पर भी एसीबी की टीम ने दबिश दी।
बताया जा रहा है कि एसीबी की टीम आधा दर्जन वाहनों से गिरिडीह के शास्त्री नगर स्थित शैलेश कुमार के आवास पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस जवानों को तैनात किया गया और पूरे घर की घेराबंदी कर दी गई। इसके बाद टीम ने घर के अंदर दस्तावेजों की जांच शुरू की। छापेमारी के दौरान किसी को भी घर से बाहर आने-जाने की अनुमति नहीं दी गई।
9.65 एकड़ अधिग्रहित जमीन में हेरफेर का आरोप
पूरा मामला रिम्स के विस्तार और अन्य आवश्यकताओं के लिए अधिग्रहित जमीन से जुड़ा है। इसमें मोरहाबादी मौजा की करीब आठ एकड़ और कोकर मौजा की 1.65 एकड़ जमीन शामिल है। आरोप है कि सरकारी उपयोग के लिए अधिग्रहित जमीन को फर्जी दस्तावेज तैयार कर और राजस्व रिकॉर्ड में बदलाव के माध्यम से निजी संपत्ति के रूप में दर्शाने का प्रयास किया गया।
जांच के दौरान जमीन की रजिस्ट्री, दाखिल-खारिज, पावर ऑफ अटॉर्नी और राजस्व अभिलेखों में दर्ज बदलावों को संदिग्ध पाया गया। इसके अलावा जमीन के एक हिस्से पर अवैध निर्माण का मामला भी सामने आया था, जिसे बाद में न्यायिक प्रक्रिया के तहत हटाया गया।
हाईकोर्ट के निर्देश पर दर्ज हुई थी प्राथमिकी
इस मामले में झारखंड हाईकोर्ट के निर्देश के बाद एसीबी ने पांच जनवरी 2026 को प्राथमिकी दर्ज की थी। इसके बाद से ही जांच एजेंसी जमीन से संबंधित सरकारी फाइलों, निबंधन दस्तावेजों और राजस्व रिकॉर्ड की पड़ताल कर रही है।
जांच के क्रम में अलग-अलग समय पर पदस्थापित अधिकारियों की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद गिरफ्तारियों की कार्रवाई की गई। अब गिरफ्तार अधिकारियों के ठिकानों पर छापेमारी कर एसीबी मामले से जुड़े अतिरिक्त साक्ष्य जुटाने में लगी है।

