
रांची। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अकवान का असर आज से झारखंड में दिखेगा। हालांकि, यह तूफान झारखंड में सीधे प्रवेश नहीं करेगा, लेकिन आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय क्षेत्रों की ओर बढ़ने के कारण इसके प्रभाव से राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव होने की संभावना जताई गई है। रांची मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 19 नवंबर से 22 नवंबर तक पूरे राज्य में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होगी। इसका सबसे ज्यादा असर 20 नवंबर और 21 नवंबर को दिखेगा. इसको देखते हुए राज्य के 14 जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।



मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, आज तूफान का असर झारखंड के दक्षिणी और मध्य भागों में दिखने लगेगा। दोपहर बाद से आसमान में बादल छाने लगेंगे. इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश और मेघ गर्जन होने की भी संभावना है. हालांकि, आज किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इसका असर रांची, बोकारो, पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम समेत कुछ स्थानों पर देखने को मिलेगा।
कल से इन जिलों में बारिश के आसार : 20 नवंबर को राज्य के अनेक स्थानों पर बारिश के साथ मेघ गर्जन की प्रबल संभावना है। झारखंड के सात जिलों रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, रामगढ़, बोकारो और धनबाद में कहीं-कहीं भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। 21 नवंबर को सिस्टम के उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने से इस दिन धनबाद के साथ-साथ संथाल परगना और उत्तर-पूर्वी जिलों देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 22 नवंबर से तूफान का असर कमजोर पड़ने लगेगा. राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या मेघ गर्जन हो सकता है, जबकि सुबह के समय हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहेगा। 23 नवंबर से मौसम साफ होने लगेगा।

