
रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की संयुक्त स्नातक स्तरीय (सीजीएल) परीक्षा में हुई गड़बड़ियों की जांच कर रही झारखंड पुलिस की अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) ने मामले में अदालत में पूरक आरोप-पत्र दाखिल किया है। सीआईडी थाना कांड संख्या 01/25 में दाखिल इस आरोप-पत्र में 10 लोगों को अप्राथमिकी अभियुक्त के रूप में शामिल किया गया है। इनमें झारखंड और बिहार के विभिन्न जिलों के निवासी हैं।सीआईडी की ओर से दाखिल पूरक आरोप-पत्र में सुषमा कुमारी उर्फ सुषमा, अक्षय तिवारी, अभय कुमार तिवारी, विजय कुमार तिवारी, दीपक कुमार, आनंद कुमार सिंह, समीर कुमार, आईसीएन के सोमांश प्रकाश, राहुल कुमार और उमेश कुमार राय के नाम शामिल हैं।जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक होने, सॉल्वर गैंग की भूमिका और अनुचित तरीकों से परीक्षा प्रभावित करने की शिकायतों के बाद मामले की जांच सीआईडी को सौंपी गई थी। जांच के दौरान एजेंसी ने मुख्य आरोपितों के साथ-साथ परीक्षा में गड़बड़ी कराने में सहयोग करने वाले लोगों, बिचौलियों और सिंडिकेट से जुड़े सदस्यों की भूमिका की भी पड़ताल की।पूरक आरोप-पत्र दाखिल होने के बाद मामले में आरोपितों की संख्या बढ़ गई है। सीआईडी की जांच में सामने आए तथ्यों की अब अदालत में आगे की न्यायिक प्रक्रिया के दौरान पड़ताल होगी।-




