
दरभंगा। बिहार के अलीनगर से भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर और उनके पिता रमेश ठाकुर से जुड़े जमीन विवाद में जिला प्रशासन ने कार्रवाई की है। तारडीह प्रखंड के पोखरभिंडा गांव में ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासनिक अधिकारियों की टीम पहुंची और जमीन की पैमाइश कराई। इस दौरान सरकारी रास्ते पर किए गए अतिक्रमण और सरकारी जमीन पर बने निर्माण को हटवा दिया गया।



जानकारी के अनुसार, गांव के कई ग्रामीणों ने विधायक के पिता रमेश ठाकुर पर सरकारी सड़क, निजी जमीन, ग्राम देवता तिवारी बाबा स्थान, राधा-कृष्ण मंदिर और सामूहिक श्राद्धस्थल की जमीन पर अतिक्रमण करने का आरोप लगाया था। इस संबंध में भगवान मिश्र, गगन कुमार मिश्र, संतोष कुमार सिंह, प्रेमचंद मिश्र, रामदाय देवी और रामउदार मिश्र समेत कई लोगों ने अंचल प्रशासन से शिकायत की थी।
ग्रामीणों की शिकायत के बाद डीसीएलआर, अंचलाधिकारी और अन्य अधिकारियों की टीम गांव पहुंची। अधिकारियों ने विवादित जमीन की मापी कराई। शुरुआती जांच में सरकारी रास्ते पर पक्का निर्माण कर अतिक्रमण किए जाने की पुष्टि हुई, जिसके बाद मौके पर ही उसे हटवा दिया गया।
मौके पर मौजूद डीसीएलआर अजय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक मापी में सरकारी रास्ते पर अतिक्रमण पाया गया था, जिसे तत्काल हटा दिया गया है। वहीं, अन्य शिकायतकर्ताओं को शनिवार को अंचल कार्यालय बुलाया गया है। संबंधित दस्तावेजों और शिकायतों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मंदिर की जमीन का मामला मधुबनी जिले से जुड़ा
मंदिर की जमीन पर कब्जे की शिकायत को लेकर अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि संबंधित स्थल मधुबनी जिले की सीमा में आता है। ऐसे में शिकायतकर्ताओं को अपनी शिकायत मधुबनी जिला प्रशासन के समक्ष रखने की सलाह दी गई है।
ग्रामीणों ने लगाए गंभीर आरोप
इस मामले में एक ग्रामीण ने आईएएनएस से बातचीत में आरोप लगाया कि मैथिली ठाकुर के परिवार ने घर बनाने के लिए जमीन खरीदी थी। जमीन के पास मौजूद बाबा डिहवार की सरकारी जमीन का इस्तेमाल ग्रामीण पीढ़ियों से श्मशान घाट के रूप में करते आ रहे थे। ग्रामीण का दावा है कि इस जमीन पर कब्जा कर रास्ता बनाया गया और वहां मौजूद सीमाओं तथा पूर्वजों के स्मारक को भी हटाया गया।
फिलहाल प्रशासन ने शुरुआती जांच के आधार पर सरकारी रास्ते से अतिक्रमण हटवा दिया है। अन्य जमीनों को लेकर मिली शिकायतों और दस्तावेजों की जांच जारी है। अब देखना होगा कि जांच के बाद प्रशासन इस विवाद में आगे क्या कदम उठाता है।

