
धनबाद। लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया है। पूरे कोयलांचल में छठी मैया की भक्ति और भगवान सूर्य की आराधना का माहौल है। धनबाद के चर्चित सिंह मेंशन में भी छठ महापर्व पारंपरिक विधि-विधान और पूरी श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। झरिया की विधायक रागिनी सिंह इस वर्ष छठ व्रत कर रही हैं, वहीं उनके पति और धनबाद के महापौर संजीव सिंह पूरे समर्पण के साथ उनका सहयोग कर रहे हैं।



उल्लेखनीय है कि विधायक रागिनी सिंह अपनी सास और पूर्व विधायक कुंती सिंह की छठ परंपरा को आगे बढ़ा रही हैं। इस बीच विधायक और महापौर ने मुनीडीह से पहुंचीं छठ व्रतियों के बीच साड़ी का वितरण भी किया। नहाय-खाय के साथ शुरू हुए छठ महापर्व को लेकर सिंह मेंशन में भी उत्साह और भक्ति का माहौल है। घर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान की तैयारियां चल रही हैं।
विधायक रागिनी सिंह ने बताया कि पहले उनकी सास और पूर्व विधायक कुंती सिंह छठ महापर्व करती थीं। अब वह इस पारिवारिक परंपरा को आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने छठ को आस्था, पवित्रता, अनुशासन और समर्पण का पर्व बताते हुए कहा कि सच्चे मन से छठी मईया की आराधना करने वालों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। उन्होंने कहा कि छठी मैया ने उनकी भी मनोकामनाएं पूरी की हैं।
वहीं महापौर संजीव सिंह ने बताया कि सिंह मेंशन आवास के पीछे स्थित तालाब में परिवार के सदस्यों के साथ आसपास के लोग भी छठ पूजा करते हैं। इसे देखते हुए तालाब की सजावट और अन्य तैयारियां की जा रही हैं। इस अवसर पर विधायक और महापौर ने मुनीडीह से पहुंचीं छठ व्रतियों के बीच साड़ी का वितरण किया और पर्व की शुभकामनाएं दीं। महापौर ने यह भी कहा कि छठ व्रतियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए नगर निगम की ओर से शहर के प्रमुख छठ घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और अन्य जरूरी सुविधाएं दुरुस्त कराई जा रही हैं। जहां भी कमियां हैं, उन्हें दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन और नगर निगम की प्राथमिकता व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

