
मुंबई। भारतीय शेयर बाजार बुधवार के कारोबारी सत्र में मजबूती के साथ बंद हुआ। दिन के अंत में सेंसेक्स 772.75 अंक या 0.95 प्रतिशत की बढ़त के साथ 81,879.40 और निफ्टी 210.40 अंक या 0.84 प्रतिशत की मजबूती के साथ 25,255.05 पर था। बाजार में चौतरफा तेजी देखी गई, जिसका नेतृत्व बैंकिंग शेयरों ने किया। सत्र में निफ्टी बैंक 1.76 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। निफ्टी पीएसयू बैंक में 2.94 प्रतिशत और निफ्टी प्राइवेट बैंक में 1.14 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। इसके अलावा, निफ्टी आॅटो 2.14 प्रतिशत, निफ्टी कंजप्शन 1.23 प्रतिशत, निफ्टी एफएमसीजी 1.13 प्रतिशत, निफ्टी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग 1.06 प्रतिशत, निफ्टी एनर्जी 1.03 प्रतिशत, और निफ्टी मेटल 0.96 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में लगभग साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 510.76 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 507.27 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 3.49 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।दूसरी तरफ निफ्टी आईटी -0.53 प्रतिशत, निफ्टी रियल्टी -0.42 प्रतिशत, निफ्टी फार्मा -0.41 प्रतिशत और निफ्टी हेल्थकेयर -0.32 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। लार्जकैप के साथ-साथ मिडकैप और स्मॉलकैप में भी तेजी देखी गई। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 496.55 अंक या 0.81 प्रतिशत की तेजी के साथ 61,519.10 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 304.30 अंक या 1.59 प्रतिशत की मजबूती के साथ 19,489.35 पर था।सेंसेक्स पैक में एमएंडएम, इंडिगो, ट्रेंट, टाटा स्टील, बीएसई, पावर ग्रिड, आईटीसी, मारुति सुजुकी, एक्सिस बैंक, एसबीआई, भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा बैंक, एशियन पेंट्स, एचडीएफसी बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट गेनर्स थे। टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, आईसीआईसीआई बैंक, टाइटन, एनटीपीसी, इटरनल, सम फार्मा, इन्फोसिस और टीसीएस लूजर्स थे। सकारात्मक वैश्विक संकेतों और अमेरिकी टेक शेयरों में आई तेजी के चलते भारतीय शेयर बाजार बढ़त के साथ खुले। हालांकि, वैश्विक स्तर पर ब्याज दरों के लंबे समय तक ऊंचे बने रहने की संभावनाओं ने आईटी शेयरों पर दबाव डाला, जिससे लार्ज-कैप शेयरों ने अपनी शुरूआती बढ़त धीरे-धीरे गंवा दी। दूसरी ओर, स्मॉल-कैप शेयरों ने व्यापक बाजार को बेहतर प्रदर्शन करने में मदद की।निवेशकों का फार्मा जैसे डिफेंसिव शेयरों से निकलकर आॅटो और बैंकिंग शेयरों की ओर जाना यह संकेत देता है कि बाजार में जोखिम लेने की क्षमता वापस लौट रही है।




