
उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री, केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं। धार्मिक परंपराओं और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तीनों धामों में कपाट बंद होने की प्रक्रिया दो दिनों में संपन्न हुई। मंगलवार को अन्नकूट पर्व पर गंगोत्री धाम के कपाट बंद हुए, जबकि बुधवार को भैयादूज के अवसर पर केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट बंद कर दिए गए। इसके साथ ही तीनों धामों की ग्रीष्मकालीन यात्रा का समापन हो गया।



कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली मुखबा, भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह डोली रामपुर और मां यमुना की उत्सव डोली खरसाली के लिए रवाना हुई। अब अगले छह माह तक इन तीनों देवस्थलों के शीतकालीन प्रवास में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना कर सकेंगे।
बुधवार को भैयादूज के अवसर पर भगवान केदारनाथ के कपाट सुबह 8:30 बजे शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने की प्रक्रिया के दौरान बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी सहित हजारों श्रद्धालु उपस्थित थे। इस यात्रा वर्ष में केदारनाथ धाम में रिकॉर्ड साढ़े 19 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा केदारनाथ के दर्शन किए।
बुधवार अहले सुबह 3:30 बजे मंदिर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया गया था। सुबह पांच बजे से कपाट बंद करने की प्रक्रिया शुरू हुई। मुख्य पुजारी टी. गंगाधर लिंग ने धर्माधिकारी और वेदपाठियों की उपस्थिति में स्वयंभू शिवलिंग को समाधि स्वरूप दिया। स्थानीय पुष्पों, ब्रह्मकमल और भस्म से शिवलिंग को ढकने के बाद गर्भगृह के कपाट बंद किए गए। इसके बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली सभा मंडप से मंदिर परिसर में लाई गई। सुबह 8:30 बजे मुख्य मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर जय श्री केदार और ऊं नम: शिवाय के उद्घोष से गूंज उठा।
कपाट बंद होने के अवसर पर मंदिर को फूलों से सजाया गया था। श्रद्धालुओं के लिए दानदाताओं और आईटीबीपी की ओर से भंडारे भी आयोजित किए गए। कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली सेना के बैंड की भक्तिमय धुनों के बीच पहले पड़ाव रामपुर के लिए रवाना हुई। बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि 12 नवंबर को डोली विश्वनाथ मंदिर, गुप्तकाशी पहुंचेगी। इसके बाद 13 नवंबर को शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी। यहां अगले छह माह तक भगवान केदारनाथ की पूजा-अर्चना होगी। इससे पहले सात नवंबर को भगवान केदारनाथ के रक्षक भकुंट भैरवनाथ के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए थे।

