
भुरकुंडा (रामगढ़)। बासल थाना क्षेत्र के किन्नी-जराद में मंगलवार देर शाम सोहराय डायर जतरा महोत्सव धूमधाम और हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। बलकाहा पाहन स्थित महेंद्र सिंह स्टेडियम में आयोजित महोत्सव में पारंपरिक आदिवासी संस्कृति, लोककला और रीति-रिवाजों की आकर्षक झलक देखने को मिली। महोत्सव में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष और युवा शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद मनीष जायसवाल, विधायक रोशन लाल चौधरी एवं पद्मश्री मुकुंद नायक सहित कई गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया। सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि आदिवासी संस्कृति, प्रकृति प्रेम और सामाजिक एकता के प्रतीक है सोहराय। ऐसे आयोजनों से आने वाली पीढ़ियों को अपनी परंपरा, भाषा, संस्कृति और विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। हमारी जिम्मेदारी है कि हम अपनी सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करें और इसे आगे बढ़ाएं। वहीं, विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि झारखंड की पहचान यहां की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और परंपराओं से है। सोहराय डायर जतरा जैसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और एकजुटता को मजबूत करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के सांस्कृतिक आयोजनों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है, ताकि हमारी लोककला और परंपराएं जीवंत बनी रहें।इसके पूर्व पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ गांव के पाहन एवं अतिथियों के स्वागत किया गया। इसके बाद पारंपरिक खोड़हा नृत्य का आयोजन किया गया। स्थानीय कलाकारों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा में मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। वहीं पद्मश्री मुकुंद नायक एवं कुंज वन ग्रुप-महुआ बैंड की ओर से नागपुरी रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। लोकगीतों और संगीत की धुन पर दर्शक झूमते नजर आए। वहीं झारखंड के नागपुरी-खोरठा स्टार गायक नितेश कच्छप के गीतों पर लोगों ने जमकर तालियां बजाई और नृत्य किया। कार्यक्रम में ये थे मौजूद : सांसद प्रतिनिधि रोधश्याम अग्रवाल, राजीव जायसवाल, सत्येंद्र नारायण सिंह, सतीश मोहन मिश्रा, अनिल मिश्रा, सुरेंद्र करमाली, मनोज राम, अनिल महतो, जिला दिशा सदस्य कुमेल उरांव, लक्ष्मी देवी, राजद प्रदेश उपाध्यक्ष गिरधारी गोप, पतरातू प्रमुख कौशल्या देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह, उपेंद्र सिंह, अनिल खलखो, कृष्णा उरांव, दीपा कुमारी, पतरातु इंस्पेक्टर शैलेंद्र सिंह, बासल थाना प्रभारी अनंत कुमार सिंह, एएसआई बिपिन बिहारी सिंह, भवानी सिंह, मुखिया विजय मुंडा, किशोर महतो, संदीप उरांव, किरण यादव, रेखा कुमारी, संजय महतो, पूनम साहू, कृतिलता कच्छप, शिव प्रसाद मुंडा, विकास उरांव, विकास नायक, डॉली देवी, प्रकाश सिंह, लालू यादव, लालमोहन मुंडा, जयनारायण प्रसाद, शौर्य प्रसाद कुशवाहा, योगेश दांगी, राजेंद्र मुंडा, मनोरंजन सिंह, विजय बासपत, विजय मुंडा, मुनेश्वर महतो, दीपक मुंडा, तुलसी सिंह, राजन गाड़ी, महेश महतो, लालगोविंद मुंडा, हर्षनाथ महतो, सुनील पाहन, राजेश्वर महतो सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।




