
पटना। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ को लेकर बिहार की राजनीति में विवाद गहराने लगा है। पुस्तक में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और विपक्षी गठबंधन INDIA को लेकर की गई टिप्पणियों पर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) ने कड़ी आपत्ति जताई है। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए उनकी टिप्पणी को अनुचित और व्यक्तिगत हमला करार दिया है।



सोनिया गांधी की टिप्पणी पर संजय झा का पलटवार
संजय झा ने कहा कि कांग्रेस में एक नई राजनीतिक संस्कृति विकसित हो रही है, जिसमें नेताओं पर व्यक्तिगत हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने सोनिया गांधी की पुस्तक में नीतीश कुमार को कमजोर बताए जाने पर आपत्ति जताई। संजय झा के अनुसार, नीतीश कुमार ने INDIA गठबंधन इसलिए छोड़ा था, क्योंकि उन्हें महसूस हो गया था कि कांग्रेस गठबंधन को मजबूत और व्यापक बनाने के प्रति गंभीर नहीं है।
‘कई दल चाहते थे कांग्रेस के बिना बने गठबंधन’
जदयू नेता ने दावा किया कि INDIA गठबंधन के विभिन्न घटक दलों से बातचीत के दौरान कई नेताओं ने कांग्रेस को गठबंधन से अलग रखकर नया मोर्चा बनाने की इच्छा जताई थी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की पहल पर ही विपक्षी दलों की पहली बैठक पटना में आयोजित हुई थी। नीतीश कुमार ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में बेदाग छवि बनाए रखी है। ऐसे नेता के बारे में इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है।
नीतीश कुमार की पहल से एकजुट हुए विपक्षी दल
संजय झा ने आगे कहा कि INDIA गठबंधन को आकार देने और विभिन्न विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने में नीतीश कुमार की अहम भूमिका रही थी। उनके मुताबिक, गठबंधन की बैठकों में कोई स्पष्ट नीति, विचारधारा या ठोस कार्ययोजना नजर नहीं आ रही थी। नीतीश कुमार ने समय रहते इस स्थिति को समझ लिया था।
उन्होंने दावा किया कि कई दल नीतीश कुमार पर भरोसा करके गठबंधन में शामिल हुए थे, न कि कांग्रेस के प्रभाव की वजह से। संजय झा ने कहा कि विपक्षी एकता की पहल और विभिन्न दलों को एकजुट करने का श्रेय नीतीश कुमार को जाता है। सोनिया गांधी की पुस्तक में उनके राजनीतिक योगदान को नजरअंदाज करते हुए की गई टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है।

