
रांची। झारखंड की युवा आदिवासी एक्टिविस्ट निशा कुमारी भगत की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का विवाद गहराता जा रहा है। रविवार को रांची में आयोजित एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में केंद्रीय सरना समिति सहित विभिन्न आदिवासी संगठनों ने इस घटना पर कड़ा रोष जताया। संगठनों ने घोषणा की है कि निशा भगत के संघर्षों और विचारों को अमर रखने के लिए राजधानी रांची में उनकी आदमकद प्रतिमा स्थापित की जाएगी, ताकि आने वाली पीढ़ियां और आदिवासी युवा उनके अधिकारों की लड़ाई से प्रेरणा ले सकें।



सीबीआई जांच की मांग : प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आदिवासी प्रतिनिधियों ने कहा कि निशा भगत की मौत स्वाभाविक नहीं लगती और यह मामला शुरू से ही संदेह के घेरे में है। उन्होंने बताया कि निशा ने अपनी मौत से पूर्व पिठोरिया थाना और साइबर सेल में प्रताड़ना की लिखित शिकायत दी थी, लेकिन समय रहते पुलिस प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
इसके अलावा, सोशल मीडिया पर सार्वजनिक किए गए उनके बयानों और उसमें उल्लिखित नामों की सूक्ष्मता से जांच होना बेहद जरूरी है। संगठनों ने स्पष्ट किया कि निष्पक्ष सच केवल केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की तफ्तीश से ही सामने आ सकता है।
केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष बबलू मुंडा ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि खुद को आदिवासियों की हितैषी बताने वाली सरकार के कार्यकाल में समाज के मुखर चेहरों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है।

