
पटना । अनंत सिंह न सिर्फ बाहुबली विधायक हैं बल्कि अपने शौक के लिए भी जाने जाते हैं। लोग कहते हैं विधायक जी को जो चीज पसंद आ जाती है, उसके बाद वो उसकी कीमत नहीं देखते। अब अनंत सिंह ने कुछ ऐसा किया है कि उसके चर्चे पूरे बिहार में होने शुरू हो चुके हैं। उन्होंने अपने पटना आवास पर 3.5 करोड़ की डिफेंडर (Land Rover Defender) गाड़ी मंगवाई है। यही नहीं 1 करोड़ से ज्यादा की एक BMW कार भी उनके घर पर लाई गई है।



कहा जा रहा है कि अनंत सिंह अपने दामाद ऋषिकेश और बेटी शिवांगी सिंह को गिफ्ट में देने के लिए ये लैंड रोवर डिफेंडर गाड़ी मंगवाई है। वहीं उनके बेटे अभिनव का भी उपनयन (जनेऊ) संस्कार होना है। इसके लिए बेटे को उपहार में देने के लिए अनंत सिंह ने बीएमडब्ल्यू कार मंगवाई है। दामाद के लिए अनंत सिंह ने गाड़ी का रंग सफेद चुना है तो बेटे के लिए उन्होंने गहरे नीले रंग की गाड़ी चुनी है। नीचे आप उन गाड़ियों का वीडियो भी देख सकते हैं।
खुद चलते हैं लैंड क्रूजर से
आपको बता दें कि अनंत सिंह खुद करीब 3 करोड़ की गाड़ी लैंड क्रूजर से चलते हैं। ये गाड़ी उन्होंने कुछ महीने पहले ही ली थी। उस वक्त अनंत सिंह की लैंड क्रूजर के चर्चे भी खूब हुए थे। इसी गाड़ी पर एक सवाल के जवाब में अनंत सिंह ने मजाकिया लहजे में कहा था कि ‘बढ़िया गाड़ी है। चोट ऊट नहीं लगता है।’ आपको बता दें कि अनंत सिंह की ये गाड़ी बुलेटप्रूफ भी है।
बेटी की शादी 25 नवंबर को
इसी 25 नवंबर को अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी है। इस शादी के लिए कई बड़ी हस्तियों को भी न्योता दिया गया है। अनंत सिंह ने कुछ दिन पहले ही खुद राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को भी शादी का कार्ड दिया है। इसके अलावा फिल्म स्टार सोनू सूद समेत कई भोजपुरी कलाकारों को भी निमंत्रण भेजा गया है। इस देसी स्टाइल की शाही शादी के लिए अनंत सिंह ने अपने गांव लदवां में 10 बीघे जमीन में आयोजन की व्यवस्था की है। गांव के लोग भी इस आयोजन में जमकर हाथ बंटा रहे हैं।

