
रांची। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री और कांग्रेस नेता इरफान अंसारी के एक बयान ने राज्य की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। उन्होंने केंद्र सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि दिल्ली में पढ़ने वाले करीब 40 लाख छात्र और युवा राहुल गांधी के एक इशारे का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि युवाओं को कोई भी सेना रोक नहीं पाएगी और यदि सरकार ने समय रहते कदम नहीं उठाए तो देश में नेपाल और बांग्लादेश जैसे हालात पैदा हो सकते हैं। उनके इस बयान के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।



राहुल गांधी के इशारे का इंतजार कर रहे 40 लाख युवा : इरफान
एक न्यूज एजेंसी से बातचीत के दौरान इरफान अंसारी ने कहा कि देश बर्बादी की कगार पर पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि हाल ही में दिल्ली दौरे के दौरान उनकी छात्र-छात्राओं से मुलाकात हुई थी। उनके मुताबिक, दिल्ली में करीब 40 लाख युवा फिलहाल घरों में हैं और उन्हें केवल एक आदेश का इंतजार है।
अंसारी ने कहा कि राहुल गांधी ने युवाओं को रोक रखा है और वे उनके निर्देश से अलग नहीं जाएंगे। उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार कितनी सेना बुलाएगी और क्या सेना छात्र-छात्राओं को रोक पाएगी? इसी दौरान उन्होंने नेपाल और बांग्लादेश में बने हालात का भी जिक्र किया।
किसानों से लेकर दलितों और आदिवासियों तक सरकार से नाराजगी का दावा
इरफान अंसारी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देश का किसान, मध्यम वर्ग, दलित, आदिवासी और मुस्लिम समुदाय परेशान है। उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार लोगों की समस्याएं बढ़ाने के लिए बनी है?
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सचेत करते हुए कहा कि यदि सरकार ने समय रहते स्थिति नहीं संभाली तो देश में आपातकाल जैसे हालात पैदा हो सकते हैं। अंसारी ने मतदाता सूची से करीब 13 करोड़ लोगों के नाम काटे जाने का आरोप भी लगाया। उनका कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाना गंभीर चिंता का विषय है।
बीजेपी ने कांग्रेस को घेरा, लोकतंत्र के लिए बताया खतरा
इरफान अंसारी के बयान पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2024 में बांग्लादेश में बड़े पैमाने पर हत्याएं हुई थीं और नेपाल में भी अराजकता की स्थिति देखने को मिली थी।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि अब स्पष्ट हो गया है कि कांग्रेस के नेता भी देश के लोकतंत्र के लिए खतरा बनते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है और ऐसे नापाक मंसूबे कभी सफल नहीं होंगे।
कांग्रेस की चुप्पी पर भी उठाए सवाल
प्रतुल शाहदेव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अब तक इरफान अंसारी के बयान से दूरी नहीं बनाई है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह बयान कांग्रेस की आधिकारिक सोच को दर्शाता है?
फिलहाल, इरफान अंसारी के बयान को लेकर झारखंड की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। एक ओर भाजपा इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चुनौती बता रही है, वहीं इस बयान पर कांग्रेस की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

