
खूंटी। झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। हादसा उस समय हुआ, जब सड़क किनारे झाड़ियों में गिरे एक स्कूटी सवार की मदद के लिए पहुंचे ग्रामीणों को तेज रफ्तार 18 चक्का ट्रेलर ने कुचल दिया। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।



स्कूटी सवार की मदद के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10:15 बजे एक स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में गिर गया था। उसे बचाने के लिए आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कुछ युवक झाड़ियों में फंसे स्कूटी सवार को निकालने की कोशिश कर रहे थे, जबकि महिलाएं और बच्चे सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान तोरपा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे 18 चक्का ट्रेलर ने वहां मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। अचानक हुए इस हादसे में लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
हादसे में स्थानीय निवासी बिरसा नायक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनकी पत्नी कसीला देवी, बेटी अंजलि कुमारी और एक वर्षीय नाती सौरभ नायक की मौत हो गई। दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान कसीला देवी, मान्दू देवी, अंजलि कुमारी, पाको देवी, तूती कुमारी, गोलू कुमार और मासूम सौरभ नायक के रूप में हुई है। वहीं, दो अन्य घायलों को खूंटी सदर अस्पताल और तोरपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
तीखे मोड़ और अंधेरे के कारण हुआ हादसा: एसपी
घटना की सूचना मिलने पर खूंटी के एसपी ऋषभ गर्ग देर रात अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की जानकारी ली। उन्होंने हादसे को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया। एसपी के अनुसार, कर्रा थाना क्षेत्र में रेलवे फाटक के पास स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद लोग मदद के लिए सड़क किनारे पहुंचे थे। घटनास्थल पर तीखा मोड़ और अंधेरा होने के कारण ट्रेलर चालक को वहां मौजूद लोग दिखाई नहीं दिए, जिससे यह भीषण दुर्घटना हुई।
एसपी ने बताया कि हादसे में सात लोगों की मौत हुई है, जबकि घायल बच्ची खतरे से बाहर है। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
