
पटना। दीपावली और छठ जैसे त्योहारों पर यात्रियों का सफर आसान करने के लिए गुरुवार को 155 अंतरराज्यीय बसों को परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने फुलवारीशरीफ बस डिपो से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मंत्री ने बताया कि एक नवंबर से अब तक 746 टिकट बुक हो चुके हैं। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की त्योहारी बसों की बुकिंग पर अब तक छह लाख रुपये का अनुदान दिया गया है। निगम ने एसी, नॉन-एसी, सीटर एवं स्लीपर श्रेणी की बसें उपलब्ध कराई हैं। जल्द ही बसों की संख्या बढ़ाकर 200 कर दी जाएगी।मंत्री ने बताया कि विशेष अंतर्राज्यीय बसों का परिचालन पांच नवंबर से 20 नवंबर तक किया जाएगा। इसके अंतर्गत पटना, मुजफ्फरपुर, गयाजी, पूर्णिया, दरभंगा और भागलपुर प्रमंडलों से दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड के लिए 155 बसें चलेंगी।इनमें से 32 बसें निगम की तथा 123 बसें पीपीपी माडल के अंतर्गत संचालित की जा रही हैं। बसों में यात्रियों के लिए पानी और दही की भी व्यवस्था है। निगम की आधिकारिक वेबसाइट (https://bsrtc.bihar.gov.in) पर टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है।प्रकाश पर्व के दौरान भी चलेंगी त्योहारी बसें : परिवहन विभाग के सचिव राज कुमार ने कहा कि आगामी दिनों में प्रकाश पर्व पर भी बड़ी संख्या में अंतरराज्यीय बसों का परिचालन किया जाएगा। ये बसें विभिन्न राज्यों के जिलों से बिहार के लिए चलेंगी। मौके पर निगम के प्रशासक अतुल कुमार, राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन, निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी, परिवहन एजेंसियों के प्रतिनिधि, यात्री एवं अन्य मौजूद थे।




