
डीसा/अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को अपने दो दिवसीय गुजरात दौरे के पहले दिन बनासकांठा जिले के भीलड़ी में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने रोड शो किया और पशुपालक महिलाओं से संवाद भी किया। प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त के तहत देशभर के किसानों के बैंक खातों में करीब 19 हजार करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की।



प्रधानमंत्री सुबह डीसा हवाई अड्डे पहुंचे, जहां से वे भीलड़ी के लिए रवाना हुए। भीलड़ी में उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे। रोड शो के दौरान लोगों ने नारे लगाकर उनका अभिवादन किया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने पशुपालक महिलाओं से संवाद कर उनकी बातें सुनीं।
प्रधानमंत्री ने बनासकांठा के भीलड़ी में 127 एकड़ क्षेत्र में विकसित भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर (बीबीबीआरसी) राष्ट्र को समर्पित किया। इस आधुनिक केंद्र में गाय-भैंसों की नस्ल सुधार, आनुवंशिक विकास और आधुनिक प्रजनन तकनीकों पर काम किया जाएगा। इसका उद्देश्य पशुओं की नस्ल सुधारने की प्रक्रिया को 10 से 20 गुना तक तेज करना है। यह केंद्र विशेष रूप से कांकरेज नस्ल की गायों के संरक्षण और संवर्धन के लिए विकसित किया गया है।
प्रधानमंत्री ने केंद्र में स्थापित आधुनिक ईटी-आईवीएफ प्रयोगशाला का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बनासकांठा सैनिक स्कूल के विद्यार्थियों, पशुपालक महिलाओं और स्थानीय युवाओं से बातचीत की।

