
हजारीबाग। झारखंड के हजारीबाग में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। मटवारी इलाके स्थित एक होटल को गुरुवार देर रात अपराधियों ने निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग की। गोलीबारी में होटल के मुख्य प्रवेश द्वार का शीशा टूट गया, जबकि वहां तैनात सुरक्षा गार्ड बाल-बाल बच गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। वारदात के बाद सोशल मीडिया पर गैंगस्टर राहुल दुबे के नाम से एक पोस्ट जारी कर हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है।



जानकारी के अनुसार, फायरिंग करने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कोर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस होटल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
फोन कॉल और मैसेज नजरअंदाज करने पर होटल को बनाया निशाना
सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में दावा किया गया है कि होटल मालिक अभय सिंह द्वारा राहुल दुबे के फोन कॉल और संदेशों को नजरअंदाज किए जाने के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया। पोस्ट में होटल मालिक को जल्द संपर्क करने की चेतावनी दी गई है। साथ ही धमकी दी गई है कि ऐसा नहीं करने पर अगली बार उनके घर या परिवार के सदस्यों को निशाना बनाया जा सकता है।
कोयला कारोबारियों और ट्रांसपोर्टरों को भी चेतावनी
कथित पोस्ट में हजारीबाग के कोयला कारोबारियों और ट्रांसपोर्टरों को भी धमकी दी गई है। इसमें कहा गया है कि कथित समझौते और संपर्क के बिना कारोबार नहीं किया जाए। इसके अलावा न्यू बिरसा साइडिंग में अवैध कोयला उत्खनन का मुद्दा उठाते हुए संजय करमाली और सोनाराम मांझी पर अवैध रूप से कोयला उठाने का आरोप लगाया गया है। पोस्ट में पुलिस और प्रशासन से मामले की जांच कराने की मांग भी की गई है।
सोशल मीडिया पोस्ट की जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट की प्रामाणिकता और फायरिंग में राहुल दुबे की कथित भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमले के पीछे असली वजह क्या थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है।
बताया जाता है कि राहुल दुबे का गिरोह रांची, रामगढ़ और हजारीबाग समेत झारखंड के कई इलाकों में सक्रिय है। इस गिरोह पर कोयला कारोबारियों, बिल्डरों और अन्य व्यवसायियों से रंगदारी मांगने तथा गोलीबारी की घटनाओं में शामिल होने के आरोप लगते रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, राहुल दुबे कथित तौर पर विदेश में रहकर सोशल मीडिया पोस्ट, व्हाट्सएप कॉल और संदेशों के जरिए अपने नेटवर्क के संपर्क में रहता है। हाल के दिनों में रांची, हजारीबाग, रामगढ़ और चतरा पुलिस ने अलग-अलग छापेमारी अभियानों में गिरोह से जुड़े कई संदिग्ध सदस्यों और शूटरों को गिरफ्तार किया है।

