
रांची। झारखंड के लिए यह एक बेहद गौरवपूर्ण क्षण है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने तेलंगाना हाईकोर्ट के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश (CJ) जस्टिस अपरेश कुमार सिंह को सुप्रीम कोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त करने की अनुशंसा केंद्र सरकार को भेजी है। जस्टिस सिंह पूर्व में झारखंड हाईकोर्ट में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की 28 सितंबर को हुई महत्वपूर्ण बैठक में यह निर्णय लिया गया। आधिकारिक बयान के अनुसार, कॉलेजियम ने सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीश के पद के लिए कुल तीन नामों की सिफारिश की है।



इनमें जस्टिस अपरेश कुमार सिंह (चीफ जस्टिस, तेलंगाना हाईकोर्ट) के साथ-साथ जस्टिस सुनीता अग्रवाल (चीफ जस्टिस, गुजरात हाईकोर्ट) और जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय (चीफ जस्टिस, दिल्ली हाईकोर्ट) के नाम शामिल हैं। जस्टिस अपरेश कुमार सिंह मूल रूप से झारखंड के देवघर जिले के करौं प्रखंड स्थित चांदचौरा गांव के रहने वाले हैं। उनका परिवार कानूनी पेशे से गहराई से जुड़ा है। उनके दो छोटे भाई भी वकालत के पेशे में हैं- तपेश कुमार सिंह सुप्रीम कोर्ट में और रूपेश कुमार सिंह झारखंड हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं।
शानदार रहा है न्यायिक सफर : जस्टिस सिंह ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से बीए (ऑनर्स) और एलएलबी की पढ़ाई की है। 1990 में एक वकील के तौर पर एनरोल होने के बाद उन्होंने वर्ष 2000 तक पटना हाईकोर्ट में प्रैक्टिस की। राज्य गठन के बाद 2001 से उन्होंने झारखंड हाईकोर्ट में वकालत शुरू की। उनकी उत्कृष्ट कानूनी समझ को देखते हुए 24 जनवरी 2012 को उन्हें झारखंड हाईकोर्ट का एडिशनल जज नियुक्त किया गया।
इसके बाद अप्रैल 2023 में उन्हें त्रिपुरा हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस बनाया गया और हाल ही में जुलाई 2025 में उनका तबादला चीफ जस्टिस के रूप में तेलंगाना हाईकोर्ट किया गया था।

