
रामगढ़ । सार्वजनिक दशहरा और सूरज हॉल समिति के तत्वावधान में इस वर्ष दशहरा समारोह को भव्य एवं आकर्षक बनाने की तैयारियां तेज कर दी गई है। शहर के बाजार टांड़ स्थित सिद्धू-कान्हू जिला स्टेडियम में 20 अक्टूबर को होने वाले विराट रावण दहन समारोह को लेकर समिति लगातार तैयारियों की समीक्षा कर रही है। बुधवार को समिति के अध्यक्ष सह विधायक रोशन लाल चौधरी की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें आयोजन की तैयारियों को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।



समारोह में इस बार रावण, मेघनाथ और कुंभकरण के विशाल पुतले आकर्षण का प्रमुख केंद्र होंगे। पुतला निर्माण के लिए बिहार से अनुभवी कारीगर बुलाए जाएंगे। कारीगरों को अग्रिम राशि भी भेज दी गई है, जिससे जल्द ही पुतला निर्माण का कार्य शुरू होने की उम्मीद है। इसके अलावा कार्यक्रम के लिए लाइट, टेंट और साउंड की बुकिंग भी पूरी कर ली गई है।
बैठक में तय किया गया कि रावण दहन समारोह को यादगार बनाने के लिए मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों और अन्य आमंत्रित लोगों को जल्द ही आमंत्रण पत्र भेजा जाएगा। आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सदस्यों के बीच विभिन्न जिम्मेदारियां भी तय की जा रही हैं। इसके अलावा समारोह के आयोजन के लिए आवश्यक सहयोग राशि जुटाने को लेकर समिति सदस्यों के बीच रसीद का वितरण भी किया गया। सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी तत्परता से जुटने का संकल्प लिया।
समिति के अध्यक्ष सह विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि रावण दहन रामगढ़ की वर्षों पुरानी महत्वपूर्ण परंपरा है। इस वर्ष समारोह को पिछले वर्षों की तुलना में और अधिक भव्य, व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने का प्रयास किया जा रहा है। विशाल पुतलों के साथ आकर्षक लाइटिंग, बेहतर साउंड व्यवस्था और शानदार आतिशबाजी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दशहरा का यह आयोजन किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे रामगढ़ की आस्था, परंपरा और सामूहिक सहभागिता का पर्व है। उन्होंने समिति के सदस्यों और रामगढ़वासियों से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
बैठक में अध्यक्ष सह विधायक रोशन लाल चौधरी, सचिव महावीर अग्रवाल, मुख्य संरक्षक मनोज कुमार महतो, कोषाध्यक्ष राजेश गोयनका, उपाध्यक्ष रविंद्र सिंह बीटी, गंगा भगत, सह सचिव दिनेश शर्मा सहित दर्जनों सदस्य उपस्थित थे।

