
रांची। स्वामी सदानंद महाराज के सानिध्य में श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट की ओर से पुंदाग स्थित सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में मंगलवार को निराश्रितों के लिए अन्नपूर्णा सेवा का आयोजन किया गया। इस दौरान आश्रम में रह रहे 45 दिव्यांग और निराश्रित लोगों के साथ उनकी सेवा में जुटे सेवादारों को तीनों समय पौष्टिक भोजन कराया जा रहा है। आश्रम के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि 23 अगस्त से 22 सितंबर तक 31 दिनों के दौरान सैकड़ों निराश्रितों और सेवादारों को भोजन कराया गया। आश्रम की रसोई में पूरी स्वच्छता और सात्विकता के साथ विभिन्न प्रकार के पौष्टिक व्यंजन तैयार किए जाते हैं। इसके बाद आश्रम में रहने वाले लोगों को सम्मानपूर्वक भोजन कराया जाता है।



उन्होंने कहा कि जरूरतमंद और निराश्रित लोगों की सेवा ही ईश्वर की सच्ची आराधना है। समाज के सभी वर्गों को ऐसे सेवा कार्यों में आगे बढ़कर सहयोग करना चाहिए। उन्होंने लोगों से सेवा कार्यों में सहयोग की अपील की। संजय सर्राफ ने बताया कि अन्नपूर्णा सेवा के इस कार्य में सत्यनारायण पोद्दार चैरिटेबल ट्रस्ट और बाबूलाल प्रेमसंस ग्रुप की ओर से निरंतर सहयोग किया जा रहा है। कार्यक्रम में पंकज पोद्दार, डुंगरमल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, निर्मल जालान, मनोज चौधरी, संजय सर्राफ सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

