
हजारीबाग। केरेडारी के चट्टीबरियातू दक्षिण कोयला खनन परियोजना को लेकर चल रही चर्चाओं और भ्रम की स्थिति के बीच सांसद मनीष जायसवाल ने क्षेत्रवासियों के हित में स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि जनता की भावना, अधिकार और ग्राम सभा का निर्णय सर्वोपरि है। जनता की इच्छा के विरुद्ध किसी प्रकार की जबरदस्ती स्वीकार नहीं की जाएगी। सांसद ने कहा कि चट्टीबरियातू दक्षिण कोयला ब्लॉक का आवंटन हो चुका है, लेकिन केवल आवंटन होने से खनन कार्य तत्काल शुरू नहीं हो जाता। परियोजना को धरातल पर उतारने से पहले कई वैधानिक और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी करनी होती हैं। नियमानुसार सेक्शन चार, सात और इसके बाद सेक्शन नौ सहित अन्य प्रक्रियाएं पूरी की जानी हैं। इन प्रक्रियाओं में स्थानीय जनता और ग्राम सभा की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल कंपनी या प्रशासनिक प्रक्रिया तक सीमित नहीं है। इससे क्षेत्र के लोगों की जमीन, आजीविका, पर्यावरण, भविष्य और अधिकार सीधे जुड़े हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों की भावनाओं और उनकी सहमति को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। सांसद ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि ग्राम सभा की प्रक्रिया के दौरान वे अपनी बात मजबूती और लोकतांत्रिक तरीके से रखें। यदि जनता परियोजना का विरोध करती है और अपनी जमीन देने के लिए तैयार नहीं है, तो उसकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता। ग्राम सभा और स्थानीय जनता का जो भी निर्णय होगा, वह उसके साथ मजबूती से खड़े रहेंगे।



कंपनी या प्रशासन कानून से ऊपर नहीं : जायसवाल ने कहा कि जनता की इच्छा के विरुद्ध न तो कोई कंपनी और न ही प्रशासन आगे बढ़ सकता है। ग्राम सभा की प्रक्रिया को दरकिनार कर कोई कार्रवाई स्वीकार नहीं की जाएगी। जरूरत पड़ने पर जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए हर लोकतांत्रिक और वैधानिक मंच पर उनकी आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने प्रशासन और परियोजना से जुड़े सभी पक्षों से जनता को विश्वास में लेकर, पारदर्शिता के साथ और कानून के दायरे में रहकर आगे की कार्रवाई करने का आग्रह किया। प्रेस वार्ता की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह व संचालन मण्डल अध्यक्ष बालगोविन्द सोनी ने किया।
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील : सांसद ने मीडिया से भी परियोजना को लेकर अफवाह या भ्रम फैलाने के बजाय तथ्यों को जनता के सामने रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभी परियोजना की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है और कई महत्वपूर्ण वैधानिक चरण शेष हैं। इसलिए क्षेत्रवासियों को घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि जनता के अधिकारों की लड़ाई में वे अकेले नहीं हैं। जनता की इच्छा और हितों के साथ सांसद पूरी मजबूती से खड़े हैं। जनता जो तय करेगी, उसका साथ दिया जाएगा। मौके पर सांसद मनीष जायसवाल, जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह, लोकसभा सांसद प्रतिनिधि सतेंद्र नारायण सिंह,जिला सांसद प्रतिनिधि अजय साहू,प्रमुख सुनीता देवी, जिला महामंत्री जयनारायण प्रसाद, उपाध्यक्ष,उपेन्द्र सिंह,हजारीबाग विधानसभा सांसद प्रतिनिधि किशोर राणा, बड़कागांव विधानसभा सांसद प्रतिनिधि पूनम साव, बड़कागांव विधानसभा मिडिया सांसद प्रतिनिधि उमेश दांगी, मण्डल अध्यक्ष बालगोविन्द सोनी,शेर सिंह,शिबू मेहता,विजय यादव, सांसद मण्डल प्रतिनिधि रंजीत कुमार, महेंद्र सिंह, प्रीतम साहू, राजू साव सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।

