
आरा । बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने परिवार को आर्थिक सहायता और मुआवजा देने का ऐलान किया है। सीएम ने एक्स पर लिखते हुए बताया है कि परिवार को न्यायिक जांच आयोग के अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर परिवार को एक सरकारी नौकरी और आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी।



मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लिखा है कि न्यायिक जांच के अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर बिहार सरकार द्वारा दिवंगत भरत तिवारी के परिवार को आर्थिक सहायता एवं एक परिजन को सरकारी नौकरी प्रदान की जाएगी। ध्यान रहे कि कुछ दिनों पहले भरत तिवारी का परिवार मुख्यमंत्री से मिला था और न्याय की गुहार लगाई थी। अब मुख्यमंत्री की ओर से उनके परिवार को आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी की बात कही गई है।
भरत तिवारी का भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में पुलिस ने एनकाउंटर किया था। भरत तिवारी को तीन गोली मारने की बात कही गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पांच गोली मारने की पुष्टि हुई। हंगामा और परिवार की मांग के बाद बिहार सरकार ने रिटायर्ड जस्टिस विनोद कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में न्यायिक जांच आयोग का गठन किया। न्यायिक जांच आयोग के समझ भरत तिवारी के पिता काशीनाथ तिवारी और उनकी माता आशा देवी का बयान दर्ज हो चुका है। आयोग के समक्ष भरत तिवारी के परिजनों और उनके भाई का भी बयान दर्ज हो चुका है।

