
कोलकाता। आरजीकर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में महिला चिकित्सक-प्रशिक्षु के दुष्कर्म और हत्या मामले में नया मोड़ सामने आया है। पानीहाटी के पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक निर्मल घोष को ओडिशा से गिरफ्तार किया गया है। उन पर आरोप है कि आरजी कर अस्पताल में हुई घटना के बाद पीड़िता के शव का कथित तौर पर जबरन अंतिम संस्कार कराने में उनकी भूमिका थी।



पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतका के पिता ने सोमवार को उत्तर 24 परगना के खरदह थाने में निर्मल घोष समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसी प्राथमिकी के आधार पर निर्मल घोष को गिरफ्तार किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, नई प्राथमिकी दर्ज होने के बाद ही निर्मल घोष ओडिशा चले गए थे और वहां छिपकर रह रहे थे। पुलिस की नजर से बचने के लिए वह नए सिम कार्ड का इस्तेमाल कर रहे थे। इसी सिम कार्ड के जरिए वह अपने कुछ करीबी लोगों के संपर्क में थे।
मंगलवार को पुलिस ने मोबाइल फोन के टावर लोकेशन के आधार पर निर्मल घोष की गतिविधियों के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे पुलिस ने पुरी के आसपास स्थित एक होटल में छापेमारी की और वहां से निर्मल घोष को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब निर्मल घोष से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरजी कर मामले में शव के अंतिम संस्कार से जुड़े घटनाक्रम में उनकी भूमिका क्या थी। मामले में दर्ज नई प्राथमिकी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

