
रांची। रांची के मोरहाबादी मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। समारोह को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। समारोह स्थल पर बिना अनुमति ड्रोन से वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल अधिकृत विभागीय स्तर से ही ड्रोन के जरिए वीडियोग्राफी या फोटोग्राफी कराई जा सकेगी।



स्वतंत्रता दिवस को लेकर गुरुवार को मोरहाबादी मैदान में स्वतंत्रता दिवस समारोह का फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन की देखरेख में स्वतंत्रता दिवस के दिन होने वाली सभी औपचारिक गतिविधियों का अभ्यास किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 15 अगस्त को यहां ध्वजारोहण करेंगे।
समारोह की सुरक्षा और संचालन को लेकर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग हुई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे समय पर अपने निर्धारित स्थल पर पहुंचे और निर्धारित जिम्मेदारियों को निभाएं। एसएसपी राकेश रंजन ने सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर दिया और कहा कि समारोह में आने वाले सभी लोगों की सघन जांच की जाएगी। किसी भी व्यक्ति को आपत्तिजनक सामग्री के साथ कार्यक्रम स्थल में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। प्रशासन ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान अधिकारियों ने परेड की सलामी ली। समारोह में सीआरपीएफ, आईटीबीपी, एसएसबी, सीआईएसएफ, ओडिशा पुलिस, झारखंड जगुआर, जैप-1, जैप-2, जैप-10, रांची जिला पुलिस, झारखंड गृहरक्षा वाहिनी और एनसीसी के बालक-बालिका प्लाटून शामिल होंगे। जैप-1, जैप-10 और गृहरक्षा वाहिनी की बैण्ड पार्टियां भी समारोह में भाग लेंगी। स्वतंत्रता दिवस समारोह में फर्स्ट इन कमांड 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी राघवेंद्र शर्मा होंगे, जो वर्तमान में रामगढ़ जिले में पदस्थापित हैं। सेकेंड इन कमांड परिचारी प्रवर द्वितीय अनिश मोमिन कुजूर होंगे।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने अधिकारियों को अपने कार्य, दायित्व और प्रतिनियुक्ति स्थल की पूरी जानकारी रखने का निर्देश दिए। इसके साथ ही मुख्य अतिथियों के आगमन की व्यवस्था समय पर पूरा करे।

