
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक सरकारी शिक्षक पर शादी के 28 साल बाद सात फेरों के वचन और पवित्र कसमों को तोड़कर दूसरी शादी रचाने का गंभीर आरोप लगा है। इतना ही नहीं, जब पहली पत्नी ने पति की इस करतूत का विरोध किया, तो शिक्षक ने बेरहमी की सारी हदें पार करते हुए उसकी पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान महिला का पैर टूट गया, जिसके बाद आरोपी पति ने उसे घर से बाहर निकाल दिया। इस खौफनाक घटना के बाद लहूलुहान पीड़िता ने स्थानीय पुलिस से न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है।



यह पूरा मामला मुजफ्फरपुर जिले के मुसहरी थाना क्षेत्र के बड़ी कोठिया गांव का है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चचार्एं हो रही हैं। पीड़िता महिला, जिसकी पहचान सुमन के रूप में हुई है, ने मुसहरी थाने में लिखित आवेदन देकर अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करने, मारपीट कर पैर तोड़ने और जान से मारने की धमकी देकर घर से भगाने का संगीन आरोप लगाया है।
थाने में दिए आवेदन और पुलिस के सामने दिए बयान में पीड़िता सुमन ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि उनका विवाह 7 मई 1998 को बैद्यनाथ कुमार यादव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न हुआ था। शादी के बाद कुछ समय तक सब ठीक रहा, लेकिन जल्द ही उनके पति और ससुराल वाले दहेज में कीमती वाहन और अन्य सामानों की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर शादी के शुरूआती दिनों से ही उन्हें मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। सुमन ने बताया कि वह समाज और लोक-लाज के डर से सब कुछ बर्दाश्त करती रहीं कि शायद समय के साथ सब ठीक हो जाएगा।
इसी बीच पीड़िता को भनक लगी कि उसके पति बैद्यनाथ कुमार यादव ने समाज से छिपाकर गुप्त रूप से दूसरी शादी कर ली है। इतना ही नहीं, आरोपी पति को उस दूसरी पत्नी से एक बेटी भी है। इस बात की पक्की जानकारी मिलने के बाद सुमन के पैरों तले जमीन खिसक गई

