
कुजू। ओपी क्षेत्र के आरा रोड मुरपा स्थित श्रीराम पावर एंड स्टील प्लांट लिमिटेड में रविवार दोपहर फर्निस भट्ठी में अचानक जोरदार ब्लास्ट होने से करीब नौ से अधिक मजदूर घायल हो गए। ब्लास्ट के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में सभी घायलों को प्रबंधन द्वारा कंपनी के निजी वाहनों से रामगढ़ रोड स्थित होप हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। वहीं होप हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ. सौरभ कुमार ने बताया कि नौ मजदूर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे हैं। इनमें दो मजदूरों की स्थिति गंभीर बताई गई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। घायलों में राजेंद्र महतो (हजारीबाग), कुंजीलाल रविदास (अराकांटा, रामगढ़), धनंजय सिंह (पटना), परमेश्वर कुमार महतो (नावाटांड़, रामगढ़), संजय प्रसाद (रांची रोड, रामगढ़), विजय यादव (दरभंगा, बिहार), राजेंद्र महतो (चटाक, रामगढ़), रितेश राणा (शिवपुरी, हजारीबाग) और रमेश ठाकुर (नईसराय, रामगढ़) समेत अन्य मजदूर शामिल हैं। मजदूरों व परिजनों ने प्लांट प्रबंधन पर सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। ज्ञात हो कि गत 22 सितंबर 2025 को भी फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट की चपेट में आकर दो मजूदर की मौत हो गयी थी। जबकि कई मजदूर घायल हो गये थे।




