
पटना। बिहार में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार ने शिक्षक भर्ती परीक्षा (टीआरई-4) के तहत 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति के लिए अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) को भेज दी है। इसके साथ ही चौथे चरण की शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है।



मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने इसे बिहार के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि नई भर्ती से विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर होगी और हजारों अभ्यर्थियों को सरकारी सेवा में आने का अवसर मिलेगा।
शिक्षा विभाग के अनुसार, टीआरई-4 के लिए कुल 32,388 रिक्त पदों की अधियाचना बीपीएससी को भेजी गई है। अब आयोग भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए जल्द विस्तृत विज्ञापन जारी करेगा। विज्ञापन प्रकाशित होने के बाद ऑनलाइन आवेदन की तिथियों और अन्य आवश्यक जानकारियों की घोषणा की जाएगी।
भर्ती के तहत प्राथमिक विद्यालयों (कक्षा 1 से 5) के लिए 3,847 पद, मध्य विद्यालयों (कक्षा 6 से 8) के लिए 8,563 पद, माध्यमिक विद्यालयों (कक्षा 9 से 10) के लिए 3,877 पद तथा उच्च माध्यमिक विद्यालयों (कक्षा 11 से 12) के लिए 16,101 पद निर्धारित किए गए हैं। इस प्रकार कुल 32,388 रिक्तियों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
अधियाचना भेजे जाने के बाद अब अभ्यर्थियों की निगाहें बीपीएससी की आधिकारिक अधिसूचना पर टिकी हैं। आयोग के विज्ञापन में आवेदन की तिथि, पात्रता, विषयवार रिक्तियां, आरक्षण, परीक्षा कार्यक्रम, चयन प्रक्रिया, शुल्क और अन्य दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि बिहार में टीआरई के पहले तीन चरणों के माध्यम से बड़ी संख्या में शिक्षकों की नियुक्ति की जा चुकी है। ऐसे में चौथे चरण की प्रक्रिया शुरू होने से लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों की उम्मीदें फिर से बढ़ गई हैं।

