
देवघर। सावन माह की शुरुआत से पहले बुधवार को विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में राजकीय श्रावणी मेले का विधिवत शुभारंभ हो गया। ‘बोल बम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच पूरा देवघर शिवमय हो उठा। दुम्मा स्थित कांवरिया प्रवेश द्वार पर आयोजित उद्घाटन समारोह में राज्य के मंत्री सुदिव्य कुमार, संजय प्रसाद यादव और दीपिका पांडेय सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। एक माह तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।



श्रावणी मेले को लेकर कांवरिया पथ से लेकर बाबा मंदिर तक केसरिया वस्त्रधारी शिवभक्तों की भीड़ उमड़ने लगी है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन और भीड़ प्रबंधन के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
30 जुलाई से 28 अगस्त तक स्पर्श पूजा रहेगी बंद
मंदिर प्रशासन के अनुसार 30 जुलाई से 28 अगस्त की दोपहर तक बाबा बैद्यनाथ मंदिर में स्पर्श पूजा पूरी तरह बंद रहेगी। इस अवधि में श्रद्धालु गर्भगृह में प्रवेश कर शिवलिंग का स्पर्श नहीं कर सकेंगे। सभी भक्त केवल अरघा के माध्यम से जलाभिषेक करेंगे। प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था भारी भीड़ को देखते हुए की गई है, जिससे अधिक संख्या में श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से जलार्पण व दर्शन कर सकेंगे।
बाह्य अरघा से सीधे शिवलिंग पर पहुंचेगा जल
इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बाह्य अरघा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया गया है। मंदिर के निकास द्वार के पास बनाए गए बाह्य अरघा को पाइपलाइन के माध्यम से मुख्य अरघा से जोड़ा गया है, जिससे यहां अर्पित किया गया जल सीधे बाबा बैद्यनाथ के शिवलिंग पर पहुंचेगा। साथ ही, मंदिर परिसर की छत पर लगी एलईडी स्क्रीन पर श्रद्धालु जलाभिषेक का सीधा प्रसारण भी देख सकेंगे।
शीघ्र दर्शन के लिए 600 रुपये शुल्क
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष मंदिर परिसर में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। शीघ्र दर्शन की सुविधा के लिए प्रति श्रद्धालु 600 रुपये शुल्क तय किया गया है। वैध कूपनधारी श्रद्धालु सुविधा केंद्र से निर्धारित कतार में शामिल होकर वीआईपी गेट से मंदिर परिसर में प्रवेश कर सकेंगे। प्रशासन का मानना है कि नई व्यवस्था से भीड़ का दबाव कम होगा और दर्शन व्यवस्था अधिक सुचारु बनेगी।
राजकीय श्रावणी मेले की शुरुआत के साथ ही देवघर की गलियां, कांवरिया पथ और बाबा मंदिर परिसर ‘बोल बम’ व ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठे हैं। दूर-दराज से पहुंचे शिवभक्त बाबा बैद्यनाथ को जल अर्पित कर सुख, समृद्धि और मंगल की कामना कर रहे हैं।

