
रांची। झारखंड में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने, दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल की है। मंगलवार को रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन सभागार में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में जमशेदपुर में ‘इंस्टीट्यूट ऑफ ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च’ (IDTR) की स्थापना को लेकर राज्य परिवहन विभाग और टाटा मोटर्स लिमिटेड के बीच MoU पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को आश्वस्त किया कि राज्य में ड्राइविंग लाइसेंस (DL) बनाने की जटिल प्रक्रिया को बेहद सरल, सुगम और पारदर्शी बनाया जाएगा। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य में सुरक्षित और आधुनिक परिवहन व्यवस्था के लिए गुणवत्तापूर्ण ड्राइविंग प्रशिक्षण बेहद आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के पलामू, सरायकेला-खरसावां और धनबाद समेत कई जिलों के लाभुकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने आवेदन की समयावधि, वाहन श्रेणी तथा लाइसेंस प्राप्त करने में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों की जानकारी ली।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी आम नागरिक को लाइसेंस बनवाने में अनावश्यक परेशानी न हो। विशेष रूप से भारी वाहनों के लिए ड्राइविंग और लर्निंग लाइसेंस की प्रक्रिया को तुरंत सरल और पारदर्शी बनाया जाए।सभी जिलों के उपायुक्त अपने क्षेत्रों में लंबित पड़े आवेदनों की समीक्षा करें और उनका त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें।




