
ग्लासगो। भारतीय स्टार भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं के 48 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीत लिया। इसके साथ ही उन्होंने ग्लासगो में भारत का पहला स्वर्ण पदक दिलाने के साथ राष्ट्रमंडल खेलों में लगातार तीसरा स्वर्ण जीतकर इतिहास रच दिया।



मीराबाई चानू ने प्रतियोगिता के स्नैच वर्ग में दो बार रिकॉर्ड तोड़ते हुए 85 किलोग्राम वजन उठाया। इसके बाद क्लीन एंड जर्क में 105 किलोग्राम वजन सफलतापूर्वक उठाकर कुल 190 किलोग्राम के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उनके दमदार प्रदर्शन के सामने अन्य प्रतियोगी काफी पीछे रह गए।
इस उपलब्धि के साथ मीराबाई ने राष्ट्रमंडल खेलों में अपने स्वर्णिम अभियान को आगे बढ़ाया। उन्होंने 2018 गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में 49 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद 2022 बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भी उसी भार वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। अब 2026 ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में 48 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण जीतकर उन्होंने गोल्ड मेडल की ऐतिहासिक हैट्रिक पूरी कर ली।
मीराबाई चानू की इस सफलता ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय भारोत्तोलन की ताकत को साबित किया है। अपने बेहतरीन प्रदर्शन, निरंतरता और दबाव में उत्कृष्ट खेल दिखाने की क्षमता के कारण वह लंबे समय से भारत की सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल रही हैं।

