
काठमांडू। नेपाल राष्ट्र बैंक ने 200 और 500 रुपये मूल्यवर्ग के भारतीय नोटों के वैध उपयोग की आधिकारिक अनुमति दे दी है। केंद्रीय बैंक ने आवश्यक प्रक्रियात्मक व्यवस्थाएं पूरी करने के बाद इन नोटों के इस्तेमाल और विनिमय को भी औपचारिक रूप से लागू कर दिया है। केंद्रीय बैंक के अनुसार, 09 नवंबर 2016 के बाद जारी किए गए 500 रुपये तक के भारतीय नोट अब नेपाल लाए या भारत ले जाए जा सकते हैं। नेपाली बाजार में 500 रुपये तक के भारतीय नोटों से लेन-देन किया जा सकेगा और बैंक भी इन नोटों का आसानी से विनिमय करेंगे।



गुरुवार को नेपाल राष्ट्र बैंक ने निर्देश जारी कर नेपाल सरकार के निर्णय को लागू करते हुए भारतीय नोटों के उपयोग की अनुमति दी। हालांकि, नवंबर 2016 से पहले जारी किए गए 500 और 1,000 रुपये के पुराने भारतीय नोटों का उपयोग अब भी प्रतिबंधित रहेगा। इसी तरह, वर्तमान में प्रचलन में मौजूद 2,000 रुपये के भारतीय नोटों को नेपाल लाने, ले जाने या अपने पास रखने की अनुमति नहीं होगी। केंद्रीय बैंक ने यह भी स्पष्ट किया है कि भारत के अलावा किसी अन्य देश से भारतीय मुद्रा नेपाल लाना या नेपाल से बाहर ले जाना अनुमत नहीं होगा।
गौरतलब है कि भारत सरकार ने 08 नवंबर 2016 को 500 और 1,000 रुपये के पुराने नोटों को बंद कर दिया था, जिसका असर नेपाल पर भी पड़ा था। उस समय तक नेपाल में बड़े मूल्यवर्ग के भारतीय नोटों का व्यापक उपयोग होता था। नेपाल की बैंकिंग प्रणाली में 500 और 1,000 रुपये के भारतीय नोटों के रूप में 7 करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा थी। इन नोटों को बदलवाने के लिए नेपाल ने कई बार पहल की, लेकिन भारत सरकार ने इसकी अनुमति नहीं दी। इसके बाद नेपाल में बड़े मूल्यवर्ग के भारतीय नोटों के उपयोग पर रोक लगा दी गई थी।

