
रांची। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित री-नीट (यूजी 2026) परीक्षा का परिणाम 16 जुलाई की देर रात आ गया। 99.977 परसेंटाइल के साथ सहर्ष कुमार गुप्ता स्टेट टॉपर बने हैं। उनका नाम ओबीसी एनसीएल की सेंट्रल लिस्ट में समाहित किया गया है। वहीं, जेवीएम श्यामली के ज्ञानेंद्र गर्व को ऑल इंडिया रैंक 676, मयंक कुमार को 3211, वैष्णवी राज 3905 और सर्वजीत को 4271 प्राप्त हुआ है।



स्कूल प्रबंधन ने अपने अभ्यर्थियों की सफलता पर प्रसन्नता प्रकट की है। जेवीएम श्यामली के प्राचार्य बीएन झा ने कहा कि स्कूल के बच्चे लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
इससे पूर्व भी आयोजित परीक्षा में बच्चों ने अच्छा किया था लेकिन पेपर लीक होने के कारण परीक्षा रद हो गई थी और बच्चों के अरमानों पर पानी फिर गया था।
बता दें कि शहर में 21 परीक्षा केंद्रों पर नीट यूजी की परीक्षा हुई थी। अबकी बार हुई परीक्षा में बायोलाजी के पेपर आसान थे जबकि अन्य दो विषय 2025 के टफ पेपर से भी अधिक कठिन था और मई 2026 में जो परीक्षा कैंसल हुई थी, उससे भी कहीं अधिक कठिन था।
सामान्यतः केमिस्ट्री को हल करने में लगभग 50 मिनट लगते हैं, वहीं, इस बार इसे साल्व करने में करीब 1 घंटा 15 मिनट तक का समय लगे थे।
पेपर में कई प्रश्न ऐसे थे जो जेईई मेंस और एडवांस्ड स्तर के पूछे गए, जिनमें थोड़ा डेटा बदलकर पूछा गया था। इस प्रकार का कठिन स्तर नीट में पिछले कई वर्षों से नहीं देखा गया था। वहीं, फिजिक्स का पेपर भी आसान नहीं था।

