
पटना । बिहार की मिडिल क्लास फैमिली भी हेलीकॉप्टर से उड़ने वाले सपने को पूरा कर सकती है। रियायती दर पर बिहार सरकार की ओर से ये अवसर मुहैया कराया जा रहा है। राज्य के विभिन्न धार्मिक और पर्यटन स्थलों का टूर 18 जुलाई से कर सकेंगे। इसके लिए टिकिट बुकिंग आज से शुरू । बिहार पर्यटन विभाग के ऑनलाइन पोर्टल www.tourism.bihar.gov.in पर बुकिंग होगी। प्रति टिकट सरकार अधिकतम 15,422 तक का अनुदान दे रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसकी जानकारी दी। पर्यटन विभाग धार्मिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थलों तक पर्यटकों की सुगम, त्वरित और सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना 2026’ की शुरुआत की जा रही है।



बिहार में हेली टूरिज्म की शुरुआत : बिहार पर्यटन विभाग और सिविल विमानन विभाग की ओर से इसे ऑपरेशनल बनाया गया है। पर्यटन सचिव लोकेश सिंह ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य बिहार में उच्च स्तरीय धार्मिक एवं विरासत पर्यटन को बढ़ावा देना, घरेलू एवं विदेशी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि करना, वाल्मीकिनगर, कैमूर एवं राजगीर क्षेत्रों में स्थानीय रोजगार सृजन को प्रोत्साहित करना, पर्यटन राजस्व में वृद्धि करना तथा बिहार को हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म गंतव्य के रूप में राष्ट्रीय पहचान दिलाना है।
रूट एक यात्री का किराया
पटना-वाल्मीकिनगर-पटना 5000 रुपए
पटना-राजगीर-पटना 4000 रुपए
पटना-कैमूर-पटना 6000 रुपए
पटना जॉय राइडिंग (10 मिनट) 2100 रुपए
हेली टूरिज्म के फर्स्ट फेज में वाल्मीकिनगर (पश्चिम चंपारण), मां मुंडेश्वरी मंदिर, कैमूर और राजगीर (नालंदा) को शामिल किया गया है। प्रत्येक फेरी में अधिकतम पांच सीटें पर्यटकों के लिए आरक्षित की जा सकेंगी।
पटना-वाल्मीकिनगर-पटना सेवा प्रत्येक शनिवार और रविवार को संचालित होंगी। इसमें सुबह 10 बजे और दोपहर तीन बजे पटना से प्रस्थान और सुबह 11 बजे और शाम 4.30 बजे वापसी का समय निर्धारित है। इस मार्ग पर प्रति सप्ताह 20-20 सीटों की क्षमता प्रस्तावित है।
पटना-राजगीर-पटना और पटना-कैमूर (करमचट डैम हेलिपैड)-पटना हेलीकॉप्टर सेवा भी प्रत्येक शनिवारऔर रविवार को संचालित होगी। राजगीर के लिए सुबह साढ़े 9 बजे प्रस्थान और 10.30 बजे वापसी होगी।
कैमूर के लिए सुबह 11 बजे प्रस्थान और अपराह्न 12.45 बजे तक वापसी का समय निर्धारित है। इन दोनों मार्गों पर प्रति सप्ताह 10-10 सीटों की क्षमता निर्धारित है।

