
पटना । राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने गुरुवार को ट्रस्ट महासचिव चंपत राय के ड्राइवर समेत 8 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। हालांकि एफआईआर में चंपत राय का नाम शामिल नहीं है, जिसको लेकर विपक्ष लगातार हमलावर है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने कहा कि चंपत राय हों या मंपत राय हों, अपराध करेंगे तो जेल जाएंगे।



नीरज कुमार ने कहा कि भगवान राम के नाम पर जो श्रद्धा से लोगों ने सेवा दी है, आर्थिक सेवा दी है और उस राशि का कोई गबन कर ले, यह कहीं से भी न्यायसंगत नहीं है। यदि उनके खिलाफ साक्ष्य होंगे तो वे आज नहीं तो कल कानून के दायरे में आएंगे। कानून के दायरे में आने के साथ-साथ उन्हें प्रभु श्रीराम का दंड भी भुगतना पड़ेगा।
नीरज कुमार ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि वह नॉन-सीरियस पॉलिटिशियन हैं। जैसे तेजस्वी यादव बिहार में कम दिखाई देते हैं, वैसे ही राहुल गांधी का हाल है। राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं, उनका आचरण संसदीय लोकतंत्र के लिए आवश्यक है। सरकार की नीतियों के आधार पर वैकल्पिक नीतियां देना उनका दायित्व है, लेकिन वे ईर्ष्या-द्वेष में राजनीति के उच्च रक्तचाप के शिकार हो गए हैं।

