
रांची। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) झारखंड को स्वास्थ्य क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्ट कार्यों के लिए देश के प्रतिष्ठित स्कॉच गोल्ड अवार्ड से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली में आयोजित समारोह में एचबीएनसी-एचबीवाईसी कार्यक्रम तथा प्रचार वाहन (टीआईटी) नवाचार के लिए झारखंड को दो अलग-अलग श्रेणियों में यह सम्मान दिया गया। यह जानकारी स्वास्थ्य विभाग की ओर से शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी गई। इसमें बताया गया कि यह पुरस्कार प्रधानमंत्री के आर्थिक सलाहकार प्रो महेंद्र देव और भारत सरकार के कानून और न्याय विभाग के अतिरिक्त सचिव डॉ मनोज कुमार की उपस्थिति में एनएचएम झारखंड के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा और उनकी टीम ने ग्रहण किया। अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने कहा है कि टीआईटी अभियान के तहत राज्य के 24 जिलों में 24 विषयों पर विशेष प्रचार वाहनों के माध्यम से 192 प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए, जिनमें 5,576 लोगों को प्रशिक्षित किया गया।



वहीं एचबीएनसी-एचबीवाईसी कार्यक्रम के जरिए सहियाओं और सेविकाओं के प्रयास से रेफरल दर में 50 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई और डिजिटल निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया गया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने इस उपलब्धि पर स्वास्थ्य विभाग, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और पूरी टीम को बधाई देते हुए इसे राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।
कार्यक्रम में शिशु एवं मातृ मृत्यु दर में कमी लाने में सहियाओं और स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका को भी सराहा गया। कार्यक्रम में आईईसी के राज्य नोडल पदाधिकारी डॉ राहुल किशोर सिंह, अकय मिंज, अजय कुमार शर्मा, विकास नाथ और यूनिसेफ के प्रीतिश नायक भी शामिल थे।

