
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री ने राजधानी पटना में प्रस्तावित नई सैटेलाइट टाउनशिप का नाम ‘पाटलिपुत्र’ रखने की घोषणा की है। उन्होंने यह ऐलान बुधवार को फुलवारीशरीफ के नदियावां गांव में आयोजित सहयोग शिविर कार्यक्रम के दौरान किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय कंकड़बाग को एशिया की सबसे बड़ी टाउनशिप के रूप में जाना जाता था, लेकिन समय के साथ इसकी पहचान बदल गई। उन्होंने बताया कि नगर विकास मंत्री रहते हुए उन्हें वहां जलनिकासी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा था। अब सरकार आधुनिक सुविधाओं से युक्त नई टाउनशिप विकसित कर रही है।सम्राट चौधरी ने कहा कि लोगों की मांग रही है कि बिहार की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखते हुए नई टाउनशिप का नाम ‘पाटलिपुत्र’ रखा जाए। उन्होंने कहा कि प्राचीन काल में मगध की राजधानी पाटलिपुत्र थी और इसी गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह नाम चुना गया है।मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि नई टाउनशिप के विकास के साथ किसानों के हितों का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण और मुआवजे से जुड़े मामलों में सरकार कैबिनेट स्तर पर आवश्यक निर्णय लेगी।गौरतलब है कि लंबे समय से पटना का नाम बदलकर पाटलिपुत्र किए जाने की मांग उठती रही है। ऐसे में नई सैटेलाइट टाउनशिप को ‘पाटलिपुत्र’ नाम दिए जाने की घोषणा को राजनीतिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




