
रामगढ़ । झारखंड के रामगढ़ जिले में एक बार फिर अवैध कोयला खनन के दौरान अंदर घुसे चार मजदूरों की मौत जहरीली गैस के रिसाव और ऑक्सीजन की कमी के कारण हो गई। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक मजदूरों की मौत को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।



दरअसल, शनिवार को रामगढ़ जिले में अरगड्डा क्षेत्र के गिद्दी में सीसीएल के बंद कोयला खदान में मजदूर अवैध खनन करने के लिए घुसे। लेकिन खदान के भीतर जहरीली गैस के रिसाव और ऑक्सीजन की कमी से चार मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, सभी मजदूर अवैध रूप से खोदे गए खदान में अवैध कोयला निकालने का काम कर रहे थे। दो मजदूर उन्हें देखने खदान के अंदर गए, लेकिन वे भी अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
काफी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान देव कुमार बेदिया (25) और डब्ल्यू बेदिया (26), निवासी छोटकी टोंगी, किशोर रवानी (26) और आशीष रजवार (29) के रूप में की गई है।

