
पटना । लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी ने अपनी सुरक्षा घटाए जाने के बाद बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने अपनी पूरी सुरक्षा ही वापस कर दी है। सुबह-सुबह उनके आवास पर एक भी सुरक्षाकर्मी न होना इस बात की तस्दीक भी कर रहा है। शनिवार की सुबह राबड़ी देवी के आवास 10 सर्कुलर रोड पर एक भी पुलिस कर्मी या सुरक्षा गार्ड नहीं दिखे। 10 सर्कुलर रोड के मेन गैट पर मुस्तैद रहने वाले पुलिसकर्मी नहीं थे। इसके बाद से सियासी गलियारे में इस बात की चर्चा छिड़ गई है कि सुरक्षा में कटौती से नाराज लालू यादव और राबड़ी देवी ने अपनी पूरी सरकारी सुरक्षा ही वापस कर दी है।



आरजेडी नेता मृत्युंजय तिवारी ने लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा में कटौती को लेकर केंद्र और बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला है। लालू प्रसाद यादव की सुरक्षा घंटों में कटौती पर मृत्युंजय तिवारी ने कहा, ‘यह सस्ती और बेहद घटिया राजनीति है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव न केवल बिहार बल्कि देश के बड़े नेता हैं। वे पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं। राबड़ी देवी भी बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में विधान परिषद में विपक्ष की नेता हैं।’

