
धनबाद । धनबाद के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत जामाडोबा डुमरी दो नंबर गली में शुक्रवार की तड़के सुबह करीब 4 बजे गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। अवैध लोहा कटिंग और वर्चस्व को लेकर हुई फायरिंग में रिक्की सिंह नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली उसके सीने में लगी है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी में जुट गई है।बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब चार बजे डुमरी दो नंबर गली में अचानक दो राउंड फायरिंग हुई। गोली लगने से रिक्की सिंह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उसे पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए दुगार्पुर रेफर कर दिया। जानकारी के अनुसार गोली अब भी उसके सीने में फंसी हुई है।घटना की सूचना मिलते ही जोड़ापोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो भी घटनास्थल पहुंचे और पूरे मामले का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का एक खोखा और रोपवे का कटा हुआ तार बरामद किया है। बरामद सामान को देखकर पुलिस अवैध लोहा कटिंग और चोरी के एंगल से भी जांच कर रही है।घायल रिक्की सिंह की पत्नी चंदा कौर ने बताया कि उनके पति सुबह शौच के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी दौरान कुछ संदिग्ध युवक वहां मौजूद थे। पति दकी ओर से शोर मचाने पर आरोपितों ने गोली चला दी। उन्होंने हर्ष, गोपु और उनके अन्य साथियों पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अवैध लोहा कटिंग को लेकर पहले से विवाद चल रहा था और उसी रंजिश में फायरिंग की गई।एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में मामला रोपवे के लोहा कटिंग और अवैध कारोबार से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गोलीबारी चोरी, लोडिंग विवाद या वर्चस्व की लड़ाई को लेकर हुई है। पुलिस ने साफ कहा है कि जिले में किसी भी हाल में अवैध कारोबार को फलने-फूलने नहीं दिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




