
नई दिल्ली। सोमवार को दोपहर में भारत ने दो टूक कहा था कि अमेरिका की तरफ से रूसी तेल खरीदने को मिली छूट आगे बढ़े या नहीं बढ़े, वह रूस से तेल खरीद जारी रखेगा। इसके कुछ ही घंटे बाद ट्रंप प्रशासन ने रूसी तेल खरीद पर लगी प्रतिबंधों की छूट को 30 दिन और बढ़ाने का फैसला कर लिया। इससे भारत के लिए रूस से तेल खरीद को बढ़ाना आसान हो गया है क्योंकि अब वैश्विक बैंकिंग चैनलों के जरिए रूसी कंपनियों को भुगतान में कोई अड़चन नहीं आएगी।पश्चिम एशिया संघर्ष की वजह से तेल आपूर्ति संकट से सामना कर रहे भारत की तेल रिफाइनरियों को सस्ता रूसी कच्चा तेल हासिल करने में आसानी होगी, होर्मुज स्ट्रेट बंद होने के बावजूद ऊर्जा सुरक्षा मजबूत रहेगी।अमेरिका के ट्रेजरी सचिव स्काट बेसेंट ने सोशल मीडिया पर इस फैसले की जानकारी देते हुए लिखा है कि सबसे संवेदनशील देशों को अस्थायी रूप से बाजार में उपलब्ध रूसी तेल की खरीद की सुविधा दी जा रही है। यह फैसला अप्रैल में समाप्त हुई छूट की अवधि की जगह लेगा और 16 जून 2026 तक वैध रहेगा।




